कचरा एवं गंदगी की शिकायतों पर हुई त्वरित कार्रवाई, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने किया निरीक्षण
रायपुर 31 मई 2026। स्थानीय समाचार पत्र में नगर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता संबंधी समस्याओं एवं कचरा जमा होने की शिकायत प्रकाशित होने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समाचार में उल्लेखित क्षेत्रों की स्थिति का अवलोकन कर तत्काल सफाई अमले को मौके पर लगाकर विशेष सफाई अभियान संचालित कराया गया तथा संपूर्ण क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित वार्ड पर्यवेक्षकों (Supervisors) एवं स्वच्छता कार्यों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त नहीं होनी चाहिए। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग एवं निर्धारित समयावधि में सफाई कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल नगर पालिका को उपलब्ध कराएं, जिससे उसका शीघ्र समाधान किया जा सके।



