रायपुर में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को सुव्यवस्थित वितरण हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई
रायपुर, 22 मई 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले में खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। जिले की सहकारी समितियों एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के पास वर्तमान में यूरिया, डी.ए.पी., एन.पी.के. एवं एस.एस.पी. उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा किसानों को नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है।
कृषकों को उर्वरकों का वितरण सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के लिए निजी उर्वरक विक्रेताओं के परिसरों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता अनुसार ही उर्वरकों का उठाव करें तथा यूरिया एवं डी.ए.पी. के साथ वैकल्पिक उर्वरकों जैसे एन.पी.के. एवं एस.एस.पी. का भी उपयोग करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है तथा आवश्यकता अनुसार आगे भी भंडारण किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी बताया कि शासन के निर्देशानुसार किसानों को गत वर्ष की खपत के आधार पर उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। साथ ही वैकल्पिक उर्वरकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। किसानों को किसी भी प्रकार के उर्वरक लेने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।




