Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

मिशन 2028 की बड़ी तैयारी : 20 जून से कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी जिला अध्यक्षों को देंगे ट्रेनिंग

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर अभनपुर में 20 जून से 29 जून तक कांग्रेस की दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर होने जा रही है। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को प्रशिक्षण देकर धार देने जा रही है। इस प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी 21 जून को नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को शिविर में ट्रेनिंग देंगे। इस दौरान राहुल गांधी जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे। जिला अध्यक्षों को मैदान पर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश देंगे। साथ ही संगठन, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनैतिक एक्टिविटी पर ट्रेनिंग देंगे।

राहुल गांधी का मिनट टू मिनट शेड्यूल जारी

AICC से जारी शेड्यूल के मुताबिक राहुल गांधी 21 जून को दोपहर दो बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 2:45 बजे बाय रोड सीधे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे तक जिला अध्यक्षों को संगठन, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनैतिक एक्टिविटी पर ट्रेनिंग देंगे। ट्रेनिंग के बाद 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यानी राहुल गांधी 4 घंटे 40 मिनट छत्तीसगढ़ में रहेंगे।

अभनपुर के रिसोर्ट में लगेगा संगठन सृजन का शिविर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर संगठन सृजन अभियान के तहत बनाए गए नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित है। शिविर अभनपुर के अग्रवाल रिसोर्ट में 20 से 29 जून तक पूरी तरह आवासीय होगा। AICC का प्रशिक्षण विभाग इसकी जिम्मेदारी संभालेगा। दीपक बैज ने कहा, जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट, सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों और जमीनी राजनीति का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत कर सकें।

प्रभारी पायलट-सचिव भी रहेंगे मौजूद

शिविर में राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट और तीनों प्रभारी सचिव भी मौजूद रहेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता भी एक साथ एकजुट होकर मंच पर नजर आएंगे। AICC के सभी राष्ट्रीय महासचिव भी शिविर में शामिल होंगे। दीपक बैज के मुताबिक यह शिविर जिला अध्यक्षों को जमीनी फीडबैक लेने, जनता से संवाद और संगठन खड़ा करने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देगा।

2028 के लिए रणनीति की नींव

कांग्रेस का संगठन सृजन के बाद यह पहला बड़ा प्रशिक्षण है। कांग्रेस 2023 की हार के बाद बूथ स्तर की कमजोरी को सबसे बड़ी वजह मानती है। इसी को दूर करने के लिए जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट + सोशल एक्टिविटी का फॉर्मूला सिखाया जाएगा। राहुल गांधी की एक दिन की ट्रेनिंग को मिशन 2028 की बड़ी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button