महासमुंद में प्रांत स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शिक्षकों को किया सम्मानित,कहा-शिक्षक ही गढ़ते हैं देश का भविष्य

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के तत्वावधान में महासमुंद जिला मुख्यालय में प्रांत स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों तथा उपस्थित जनसमूह की सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। इसके पश्चात आयोजकों द्वारा विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का पुष्पगुच्छ, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि शिक्षक देश का असली निर्माता और भाग्यविधाता होता है। एक सशक्त, शिक्षित और संस्कारवान समाज की नींव केवल शिक्षकों के समर्पण से ही संभव है। विशेषकर महिला शिक्षिकाएं न केवल कक्षाओं में विद्यार्थियों का भविष्य संवारती हैं, बल्कि अपनी दोहरी जिम्मेदारियों को निभाते हुए समाज में एक मिसाल कायम करती हैं।
अपने भाषण को आगे बढ़ाते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि बदलते दौर में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण अति आवश्यक है। जब एक महिला शिक्षित और सशक्त होती है, तो वह पूरे परिवार और आने वाली कई पीढ़ियों को संस्कारित करती है। छत्तीसगढ़ की शिक्षिकाओं ने हर विषम परिस्थिति में शिक्षा की लौ को जलाए रखा है, जो वंदनीय है।
समारोह में उत्कृष्ट सेवा देने वाली महिला शिक्षकों को सम्मानित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने शिक्षकों से सीधा संवाद किया और कहा कि आप सभी का यह सम्मान केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आपके द्वारा दी जा रही निष्ठावान सेवाओं का आदर है। आप बच्चों को केवल किताबी ज्ञान न दें, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और नैतिक गुणों का बीजारोपण करें, ताकि वे आगे चलकर देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
आयोजन के अंत में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का बहुमूल्य समय देने और शिक्षकों के उत्साहवर्धन हेतु आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अध्यक्ष बीज निगम चंद्रहास चंद्राकर,भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू, अध्यक्ष शाकंभरी बोर्ड राजेंद्र नायक,सभापति जिला पंचायत लोकनाथ बारी,प्रदेश मंत्री चैंबर ऑफ कॉमर्स बसंत जैन,जिला कोषाध्यक्ष भाजपा राहुल चंद्राकर,जिला मीडिया प्रभारी आनंद साहू,जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा अमन वर्मा,प्रांतीय मंत्री शिक्षक संघ भुवनेश्वर देवांगन,DMC रेखराज शर्मा,जिला शिक्षा अधिकारी डी एल देवांगन,सहायक संचालक नंद किशोर सिन्हा, बीईओ महासमुंद भोपाल बंजारा ,कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक संघ उमेश भारती गोस्वामी,जिला संरक्षक बिलासपुर एम एल पटेल,मंच संचालक टेकराम सेन, डॉ मनीषा त्रिपाठी,प्रमोद कुमार पटेल,अशोक कुमार गुप्ता ,प्रांतीय प्रवक्ता एवं संभागीय अध्यक्ष रायपुर संभाग राम नारायण मिश्रा,प्रांतीय उपाध्यक्ष छ ग शिक्षक संघ अनीता सिंह, महिला शिक्षिकाएं, शिक्षक संघ के प्रांतीय व जिला पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





