“वर्क फ्रॉम होम” मॉडल से पर्यावरण संरक्षण करेगी ग्रीन आर्मी की नारी शक्ति

रायपुर। ग्रीन आर्मी की नारी शक्ति की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से 25 से 30 महिला सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं को “वर्क फ्रॉम होम” प्रणाली के जरिए पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक में महिला सदस्यों को ऑनलाइन जूम मीटिंग संचालन, डिजिटल माध्यम से जनसंपर्क और डीजल-पेट्रोल की बचत करते हुए पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया।
ग्रीन आर्मी की विभिन्न विंगों के तहत चलाए जा रहे अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें वृक्ष संरक्षण, घर-घर नर्सरी अभियान, पौधों को जल अर्पण, जल संरक्षण के लिए वाटर लीकेज और खराब नलों की मरम्मत, तालाब सफाई अभियान, सिंगल यूज़ प्लास्टिक बंद करने के लिए “मेरा घर पॉलीथीन फ्री” अभियान, घर-घर स्वच्छता अभियान और नगर निगम की रंग आधारित कचरा पृथक्करण व्यवस्था का पालन शामिल रहा।
इसके अलावा नालियों में कचरा न फेंकने के प्रति जागरूकता फैलाने और पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी (सकोरा) की व्यवस्था करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक महिला सदस्य कम से कम 10 घरों तक पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देंगी। साथ ही लोगों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
ग्रीन आर्मी की टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और ईंधन बचत संबंधी अभियानों के समर्थन में निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया। संगठन ने कहा कि आर्थिक विषमताओं के बावजूद पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।




