रायपुर में बनेगा देश का अत्याधुनिक एकीकृत परीक्षा केंद्र, एक साथ 20 हजार से अधिक परीक्षार्थी दे सकेंगे परीक्षा

रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में शहर में अत्याधुनिक एकीकृत परीक्षा केंद्र (यूनिफाइड एग्जामिनेशन सेंटर) का निर्माण प्रस्तावित है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में बनने वाले इस केंद्र में एक साथ 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां ऑनलाइन परीक्षा, पार्किंग, सुरक्षा जांच और सुगम आवागमन सहित सभी जरूरी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

एकीकृत परीक्षा केंद्र के निर्माण को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि राजधानी में नीट, कर्मचारी चयन मंडल, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन होता है। वर्तमान में अलग-अलग क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र होने के कारण अभ्यर्थियों को आवागमन और यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नए केंद्र के निर्माण से परीक्षार्थियों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनका समय भी बचेगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र का निर्माण भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाए। यहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ ऑनलाइन परीक्षा देने की व्यवस्था विकसित की जाए। प्रवेश और सुरक्षा जांच के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएं, ताकि फ्रिस्किंग के दौरान भीड़ न हो और परीक्षार्थियों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही पार्किंग और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्र का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप किया जाए, ताकि यह देशभर में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सके। निर्माण कार्ययोजना में परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने परीक्षा केंद्र को पर्यावरण अनुकूल तरीके से विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने परिसर में शांत और सकारात्मक वातावरण तैयार करने की बात कही, जिससे परीक्षार्थी एकाग्रता के साथ परीक्षा दे सकें। बैठक में लोक निर्माण विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।




