Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

झमाझम बारिश से किसानों को राहत, लेकिन पहली ही बारिश में डूबा शहर, निगम के दावों की खुली पोल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से प्रदेश के कई जिलों में लगातार भारी से अतिभारी बारिश हो रही है। बस्तर संभाग के बड़े बचेली समेत कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में जलभराव ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है।

भारी बारिश से प्रदेश के कई जिलों में हालात बदले

प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश से जलाशयों और नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।

किसानों के लिए राहत की बारिश

जून महीने में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान चिंतित थे। कई किसानों ने धान की बुआई कर दी थी, जबकि कुछ क्षेत्रों में रोपाई की तैयारी चल रही थी। बारिश नहीं होने से बीज खराब होने और फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी।

अब व्यापक बारिश होने से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। इससे धान की बुआई और रोपाई का कार्य तेज हो गया है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से खेती को नई उम्मीद मिली है।

पहली ही तेज बारिश में डूबीं सड़कें

बारिश ने राजधानी रायपुर में नगर निगम की तैयारियों की भी पोल खोल दी। मुख्य मार्गों से लेकर कई कॉलोनियों तक जलभराव की स्थिति बन गई। नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सबसे ज्यादा परेशानी नर्मदापारा-गुढ़ियारी अंडरब्रिज में देखने को मिली, जहां पानी भरने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही काफी देर तक बंद रही।

ड्रेनेज सिस्टम फिर हुआ फेल

नगर निगम ने मानसून से पहले बड़े नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई पूरी होने का दावा किया था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में ये दावे धराशायी हो गए।

प्रोफेसर कॉलोनी, समता कॉलोनी, वीआईपी रोड सहित कई इलाकों में अधूरे नाला निर्माण और जाम ड्रेनेज के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी। हालांकि बारिश थमने के कुछ समय बाद पानी उतर गया, लेकिन सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैल गई।

आगे भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button