कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ली समय सीमा की बैठक

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने पेंशन प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए सभी विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने विभागवार पेंशन प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन का लाभ मिलना ही चाहिए, अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है।
सीएम हेल्पलाइन 1076 की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने उन अधिकारियों पर भी नाराजगी जताई, जिन्होंने अब तक अपना प्रोफाइल अपडेट नहीं किया है। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रोफाइल और लॉगिन तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि अब सीएम हेल्पलाइन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर शनिवार और रविवार को भी समीक्षा बैठक होगी, ताकि लंबित शिकायतों का तेजी से निराकरण किया जा सके।
बैठक में कृषि विभाग द्वारा ‘मेरा गांव मेरी पहचान’ अभियान के तहत आरंग विकासखंड के ग्राम रानीसागर पर तैयार एक वीडियो प्रस्तुत किया गया। विभाग ने बताया कि गांव में पिछले वर्ष ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर लगभग 60 हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती कराई गई, जिससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिला और किसानों को बेहतर आय के अवसर प्राप्त हुए।
बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।




