Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर राज्य स्तरीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन, समूह नृत्य, प्रहसन एवं चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल होंगे प्रदेशभर के वालंटियर्स

रायपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा रायपुर द्वारा 08 मई को वर्ल्ड रेड क्रॉस डे के अवसर पर राज्य स्तरीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में रेडक्रॉस भवन, कलेक्टोरेट परिसर रायपुर में राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन टोमन साहू ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्व रेडक्रॉस दिवस पर समूह नृत्य, प्रहसन एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर के रेडक्रॉस वालंटियर्स भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में रेडक्रॉस की गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जारी की गई। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण, रक्तदान शिविरों का वृहद आयोजन तथा विभिन्न विशेष दिवसों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्ययोजना में जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से विद्यार्थियों को मानवीय सेवा कार्यों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया है। इसके तहत शैक्षणिक भ्रमण, प्राकृतिक अध्ययन, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता, काउंसलर प्रशिक्षण, एडवेंचर कार्यक्रम, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय दिवसों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में कोषाध्यक्ष संजय पटेल, राष्ट्रीय प्रतिनिधि युवराज देशमुख, डॉ. प्रदीप साहू, योगेश जैन, डॉ. अशोक गिरी गोस्वामी, लिंगराज पटेल सहित रेडक्रॉस सोसायटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button