Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

PM आवास पर भूपेश-विजय आमने-सामने, सरकारी आंकड़ों में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन देश में सबसे आगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना पर जारी सियासत अब पक्ष और विपक्ष के बीच आमने-सामने की बहस पर आ गई है. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस मुद्दे पर खुलकर बहस के लिए तैयार हो गए. एक-दूसरे ने पत्रकारों के सामने खुली डिबेट की चुनौती स्वीकार कर ली.

पीएम आवास का एक सरकारी आँकड़ा सामने आ गया है. विभाग की ओर से जारी किए गए इस आंकड़ें में भारत के राज्यवार जानकारी दी गई है. साथ ही प्रदेश में रमन सरकार से लेकर भूपेश सरकार और वर्तमान साय सरकार के आंकड़ें भी हैं.

विभाग की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2025-26 में देश के प्रमुख राज्यों के बीच बेहतर प्रदर्शन किया है। आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 2025-26 के दौरान 5,92,508 आवास पूर्ण किए गए। यह आंकड़ा सूची में शामिल राज्यों में सबसे अधिक है।

आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश में 4,90,185, महाराष्ट्र में 4,42,074, बिहार में 2,63,151, राजस्थान में 2,02,234, ओडिशा में 1,61,256, असम में 1,35,426 और गुजरात में 1,23,451 आवास पूर्ण हुए।

छत्तीसगढ़ में साल-दर-साल बढ़ा आवास निर्माण

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पूर्ण हुए आवासों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2016-17 में 136 आवास पूर्ण हुए थे। इसके बाद 2017-18 में यह संख्या बढ़कर 3,65,867 और 2018-19 में 3,41,378 रही।

इसके बाद 2019-20 में 34,587, 2020-21 में 59,684, 2021-22 में 23,289 और 2022-23 में 33,688 आवास पूर्ण हुए। वहीं 2023-24 में यह आंकड़ा बढ़कर 1,54,789 और 2024-25 में 2,52,771 पहुंच गया।

सबसे बड़ी छलांग वर्ष 2025-26 में देखने को मिली, जब छत्तीसगढ़ में 5,92,508 आवास पूर्ण किए गए। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1,98,414 पूर्ण आवास का आंकड़ा दर्शाया गया है।

साल-दर-साल आवास पूर्ण होने का आंकड़ा

  • 2016-17: 136 आवास
  • 2017-18: 3,65,867 आवास
  • 2018-19: 3,41,378 आवास
  • 2019-20: 34,587 आवास
  • 2020-21: 59,684 आवास
  • 2021-22: 23,289 आवास
  • 2022-23: 33,688 आवास
  • 2023-24: 1,54,789 आवास
  • 2024-25: 2,52,771 आवास
  • 2025-26: 5,92,508 आवास
  • 2026-27: 1,98,414 आवास

आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 के बाद आवास निर्माण की रफ्तार में तेजी आई। 2023-24 में 1.54 लाख आवास पूर्ण हुए थे, जो 2024-25 में बढ़कर 2.52 लाख और 2025-26 में करीब 5.93 लाख हो गए।

2026-27 के लिए 3.65 लाख आवास का लक्ष्य

रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए 3,65,179 आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 1,98,414 आवास पूर्ण होने का आंकड़ा दर्ज है। यानी निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले करीब 54.3 फीसदी आवास पूर्ण हो चुके हैं।

वहीं रिपोर्ट में बताया गया है कि 11 सितंबर 2026 को भारत सरकार की ओर से नवीन आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर वर्ष 2026-27 के लिए 3,65,179 आवासों का लक्ष्य प्रदान किया गया है।

किस योजना में कितने आवास ?

विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 से 2023 तक के शेष अधूरे आवासों की संख्या 2,46,215 थी। इनमें से 1,95,441 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल 6,99,438 परिवारों में से 5,86,788 आवास स्वीकृत हुए और 4,69,782 आवास पूर्ण किए गए हैं। आवास प्लस में कुल 8,19,999 परिवारों का विवरण दर्ज है। इनमें से 6,91,616 आवास स्वीकृत किए गए और 4,62,605 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 47,090 आवासों के लक्ष्य/विवरण में से 38,948 को स्वीकृति मिली और 23,603 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

पीएम जनमन योजना में भी 24 हजार से ज्यादा आवास पूरे

रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम जनमन योजना के तहत कुल 34,461 आवासों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें से 24,025 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इसी तरह विशेष परियोजना के तहत 5,662 आवासों को स्वीकृति दी गई, जिनमें से 524 आवास पूर्ण हो चुके हैं।

देखें विभाग द्वारा जारी आंकड़े-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button