Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

सुरक्षा के घेरे में पेट्रोल पंप: पुलिस ने चस्पा किए आपातकालीन नंबर, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों के फ्यूल स्टेशनों पर पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए गाड़ियों की लंबी लाइन लगी हुई है। प्रशासन ने दावा किया है कि लोग अफवाहों के चलते पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। इस बीच रायपुर पुलिस की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए पेट्रोल पंप जैसे प्रमुख स्थानों पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर चस्पा किए जा रहे हैं।

क्या है उद्देश्य ?

पुलिस की ओर से चस्पा किए जा रहे पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी, डायल-112 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर लिखे गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जा सके।

दिए जा रहे आवश्यक दिशा-निर्देश

साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को रात्रिकालीन सतर्कता, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने और नगदी के सुरक्षित प्रबंधन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

कलेक्टर ने ऑयल कंपनियों एवं डीलर्स की ली बैठक

बता दें कि कल ही रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ऑयल कंपनियों के संचालकों और डीलर्स की बैठक ली। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखें कि आम जनता को परेशानी न हो, पेट्रोल पंप से उन्हें नियमित रूप से डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति होती रहे। ऑयल कंपनी की डिपो अपने डीलर्स को बिना विलंब के पेट्रोल-डीजल की सप्लाई करें। साथ ही डिपो द्वारा जो अब तक पेट्रोल-डीजल सप्लाई का समय सुबह 7 से दोपहर 3 तक था उसे स्थिति सामान्य होते तक समय बढ़ाया जाए।

ईंधन के टैंकर को शहर में 24 घंटे आवाजाही के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सिंह ने शहर के अंदर ईंधन के टैंकर को 24 घण्टे आवाजाही करने के भी निर्देश दिए। ताकि किसी भी पेट्रोल पंप में ईंधन की कमी न हो और स्टॉक रहे। साथ ही पेट्रोल पंप अधिकतम समय तक खोला जाए ताकि आम जनता को पेट्रोल-डीजल लेने में सुविधा हों। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रखें कि किसी भी स्थिति में आमजनता को पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में गड़बड़ी न हो एवं कालाबाजारी की शिकायत न हो, ऐसा पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button