Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

रायपुर रेल मंडल के स्टेशनों पर बढ़ीं यात्री सुविधाएं, 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर बने

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण और विस्तार तेज कर दिया है। इन शेल्टरों के बनने से यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करते समय धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल मौसम से राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रायपुर रेल मंडल में अब तक 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाए जा चुके हैं। इनमें भिलाई नगर में 11, भिलाई पावर हाउस में 17, सरोना में 7, निपनिया और हथबंद में 6-6, बिल्हा में 4, मरौदा में 2, मंदिर हसौद में 12, बालोद में 4, दल्लीराजहरा में 4, भाटापारा में 8 तथा तिल्दा-नेवरा में 8 नए शेल्टर शामिल हैं।

इसके अलावा, अमृत भारत स्टेशन योजना से बाहर के स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। देवबलोदा-चरौदा स्टेशन पर तीन प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाए जा चुके हैं। वहीं भैंसबोड़, लखौली और राजिम स्टेशन पर एक-एक, जबकि सलाईटोला, रिसामा, गुंडरदेही और लाटाबोर स्टेशनों पर दो-दो नए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण कार्य जारी है।

रेल मंडल ने बताया कि यात्री आवागमन और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। खासकर उन स्टेशनों पर कार्य तेज किया गया है, जहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य चल रहे हैं।

रायपुर रेल मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आधारभूत यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर और अधिक सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button