नैनो उर्वरक परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी का हुआ आयोजन

रायपुर। विकासखंड आरंग के ग्राम छटेरा में आज कृषि विभाग एवं इफको (IFFCO) के संयुक्त तत्वावधान में नैनो उर्वरक परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत आरंग की अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने की। संगोष्ठी में क्षेत्र के लगभग 300 कृषकों ने सहभागिता की।
अपने उद्बोधन में श्रीमती साहू ने कहा कि नैनो उर्वरक कृषि के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, जिनसे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है। उन्होंने किसानों से नैनो उर्वरकों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र से पधारे वैज्ञानिक डॉ. राजेश अग्रवाल ने नैनो उर्वरकों के उपयोग हेतु ड्रोन तकनीक के संचालन एवं उसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. प्रेम शंकर तिवारी ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक उपयोग एवं कीट प्रबंधन के विषय में उपयोगी तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
इफको से उपस्थित उप महाप्रबंधक राजेश गोले ने नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के लाभ, उपयोग विधि एवं उत्पादन बढ़ाने में उनकी भूमिका पर विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर उप संचालक कृषि सतीश अवस्थी ने किसानों को नैनो उर्वरक एवं ड्रोन के उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों की तुलना में नैनो उर्वरकों से पौधों की जड़ अधिक सशक्त होती है, मृदा स्वास्थ्य में सुधार होता है, लागत में कमी आती है तथा पर्यावरण प्रदूषण भी कम होता है।
कार्यक्रम के दौरान ड्रोन दीदी द्वारा ड्रोन से छिड़काव का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसे कृषकों ने उत्साहपूर्वक देखा।
संगोष्ठी में रविन्द्र चंद्राकर (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत आरंग), कृष्ण कुमार साहू (जनपद सदस्य), लोकेश बांधे (सरपंच प्रतिनिधि), प्रगतिशील जैविक कृषक ओम प्रकाश सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कृषक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




