Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, नया सिस्टम कराएगा झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह के बाद भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने रहे सिस्टम के प्रभाव से मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है. राजधानी रायपुर में रक्षाबंधन के दिन बारिश से राहत रही. इस दौरान तापमान 29 डिग्री से बढ़कर 31 डिग्री तक पहुंच गया. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 29 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ेंगी. मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. प्रदेश में अब तक की मौसमी बारिश सामान्य से 3 प्रतिशत कम है.

रायपुर में आज कैसा रह सकता है मौसम ?

राजधानी में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है. रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

शुक्रवार को कहां-कहां हुई बारिश?

पिछले 24 घंटे में कुसमी में सर्वाधिक 7 सेमी बारिश हुई. रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में  5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई. बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश हुई. अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री दुर्ग में और न्यूनतम 22.2 डिग्री पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया.

इन इलाकों में आज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने कई जिलों में शनिवार सुबह बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हलकी वर्षा की संभावना जताई गई है.

खाड़ी में बन रहे सिस्टम बढ़ाएगा बारिश की रफ्तार

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं. अगले 24 घंटे में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button