विधायक अनुज शर्मा ने दूर की ग्रामीणों की वर्षों पुरानी राह की बाधा: अब देवरी गांव के मुख्य मार्ग से होकर गुजरेंगी बसें

रायपुर। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा ने जनहित में एक और बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देवरी गांव के वासियों की वर्षों पुरानी प्रमुख मांग को पूरा कर दिया है। विधायक शर्मा के विशेष प्रयासों और संवेदनशीलता के कारण अब देवरी गांव रूट की बसें बाहर हाईवे से न जाकर सीधे गांव की मुख्य सड़क से होकर गुजरेंगी। इस निर्णय से स्थानीय यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को बहुत बड़ी राहत मिली है। कड़कती धूप, मूसलाधार बारिश और असुरक्षित हाईवे के सफर से माताओं, बहनों और बुजुर्गों को मिली स्थायी मुक्ति
सालों पुरानी पीड़ा का हुआ स्थायी समाधान
उल्लेखनीय है कि देवरी गांव के ग्रामीणों को बस पकड़ने के लिए लंबा पैदल सफर तय करके मुख्य हाईवे तक जाना पड़ता था। मौसम चाहे कड़कती धूप का हो या मूसलाधार बारिश का, ग्रामीणों को सिर छिपाने की जगह न होने के कारण घंटों हाईवे के किनारे असुरक्षित खड़े रहकर बसों का इंतजार करना पड़ता था। रात के समय यह स्थिति महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के लिए बेहद कष्टदायक और जोखिम भरी हो जाती थी। ग्रामीण लंबे समय से बसों को गांव के अंदर मुख्य मार्ग से चलाने की मांग कर रहे थे, जिसे विधायक अनुज शर्मा ने अमलीजामा पहना दिया है।
“जनता की सेवा और विकास को दरवाजे तक लाना ही मेरा कर्तव्य” — विधायक अनुज शर्मा
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “जनता की मूलभूत सुविधाओं को उन तक पहुँचाना ही मेरा मुख्य लक्ष्य है। देवरी के नागरिकों को आवागमन में हो रही असुविधा की मुझे पूरी चिंता थी। यह हमारी माताओं-बहनों और बुजुर्गों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी और जायज माँग थी। पहले हाईवे से बसें सीधे निकल जाती थीं, जिससे बच्चों और बीमार बुजुर्गों को चिलचिलाती धूप और बारिश में हाईवे तक पैदल भटकना पड़ता था।”
उन्होंने आगे कहा, “अब बसें सीधे देवरी गाँव की मुख्य सड़क से होकर गुजरेंगी और आपको आपके घर के पास ही परिवहन की सुविधा मिलेगी। आपकी समस्याओं का समाधान करना और विकास को आपके दरवाजे तक लाना मेरा कर्तव्य है। यह केवल एक वादा नहीं, बल्कि गाँव के विकास और सुरक्षा से जुड़ा हुआ मामला था। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही मेरी प्राथमिकता है और आने वाले समय में ऐसे अन्य रुके हुए कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जाएगा।
परिवहन विभाग और जिला प्रशासन का जताया आभार
विधायक अनुज शर्मा ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासनिक सहयोग को भी सराहा। उन्होंने कहा, “मैं परिवहन विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन का भी हृदय से धन्यवाद करता हूँ, जिन्होंने हमारे आग्रह को स्वीकारा और इस रूट को तुरंत मंजूरी दी। लेकिन सबसे बड़ा धन्यवाद मैं देवरी की देवतुल्य जनता का करता हूँ, जिन्होंने मुझ पर अटूट भरोसा जताया और मुझे अपनी सेवा करने का यह अमूल्य मौका दिया।”
पहली बार गांव में बस पहुंचते ही उत्सव सा माहौल, ग्रामीणों ने जताया आभार
रूट में हुए इस ऐतिहासिक बदलाव के बाद जब पहली बार बस गांव की मुख्य सड़क पर पहुंची, तो ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था। ग्रामवासियों ने ढोल-धमाकों और विधायक अनुज शर्मा के समर्थन में जमकर नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।
विधायक जी का आभार व्यक्त करते हुए भावुक स्वर में ग्रामीणों ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत है। पहले बच्चों को कॉलेज और बुजुर्गों को अस्पताल या कहीं और जाने के लिए हाईवे तक पैदल भटकना पड़ता था। कई सरकारें आईं, कई नेता आए, बड़े-बड़े वादे हुए, लेकिन हमारी तकलीफ वैसी की वैसी ही बनी रही। लेकिन जब हमने यह समस्या हमारे जनप्रिय विधायक अनुज शर्मा के सामने रखी, तो उन्होंने सिर्फ खोखला आश्वासन नहीं दिया, बल्कि एक सच्चे जनप्रतिनिधि की तरह हमारी पीड़ा को समझा। आज उनका वह वादा हकीकत बन चुका है।
“विधायक ने हमारे आत्मसम्मान की रक्षा की”
ग्रामीणों ने आगे कहा कि इस एक फैसले ने हमारे गांव की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल दी है। अब हमारी बेटियों को कॉलेज जाने के लिए असुरक्षित रास्तों पर पैदल नहीं चलना होगा और न ही बुजुर्गों को सफर के लिए परेशान होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने एक सुर में कहा, “विधायक जी, आपने हमारे समय, हमारी ऊर्जा और हमारे आत्मसम्मान की रक्षा की है। आपने यह साबित कर दिया है कि आपके लिए राजनीति सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि जनता की सच्ची सेवा का माध्यम है।”




