रुंगटा स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया में ‘रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026’ का भव्य समापन, मुख्य अतिथि बने विधायक अनुज शर्मा

भिलाई। रुंगटा स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया (RSFM), भिलाई में आयोजित ‘रंगौत्सव फिल्म फेस्टिवल 2026’ का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार और धरसीवां विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और रुंगटा समूह के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और रुंगटा स्कूल ऑफ फिल्म एंड मीडिया जैसी संस्थाएं युवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाकर राज्य की कला और सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का आईना है। छत्तीसगढ़ की मिट्टी में अनगिनत कहानियां हैं, जिन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी की है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण केवल ग्लैमर की दुनिया नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम भी है।
माटी और तकनीक का संगम जरूरी
अनुज शर्मा ने युवाओं से अपनी छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को कला के माध्यम से दुनिया के सामने लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुरुआती असफलताओं से घबराने के बजाय धैर्य और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने आधुनिक तकनीक, एआई और नए कैमरा उपकरणों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग जरूर करें, लेकिन अपनी कहानियों की मौलिकता और आत्मा को बनाए रखें।
युवा फिल्मकारों की रचनाओं को मिली सराहना
फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य युवा फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को मंच प्रदान करना तथा क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देना है। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई लघु फिल्में, डॉक्यूमेंट्री और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन किया गया, जिसे दर्शकों, फिल्म समीक्षकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विधायक अनुज शर्मा और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर फिल्म निर्देशक सतीश जैन, मनोज वर्मा, मनीष मानिकपुरी, विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में रुंगटा प्रबंधन ने विधायक अनुज शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया।




