Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

बम्हनीडीह में भाजपा की हुंकार: मंत्री गुरु खुशवंत और विधायक अनुज शर्मा की सभा में उमड़ा जनसैलाब, विकास के लिए मांगा वोट

बम्हनीडीह। जांजगीर चांपा जिले के नगर पंचायत बम्हनीडीह के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित विशाल जनसभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी उत्साह देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रमेश कुमार डडसेना एवं सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और धरसींवा विधायक व प्रख्यात अभिनेता अनुज शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए। दोनों ही दिग्गजों ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की।

जनता का मिला अभूतपूर्व समर्थन

भारी गर्मी के बीच भी जनसभा में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सभा में उपस्थित अपार जनसैलाब को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि बम्हनीडीह की जनता का यह उत्साह और समर्थन स्पष्ट रूप से बता रहा है कि क्षेत्र में भाजपा की लहर है और जनता का पूरा आशीर्वाद भाजपा के साथ है।

यह बम्हनीडीह के स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद: अनुज शर्मा

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी सभा नहीं है, यह बम्हनीडीह के स्वर्णिम भविष्य का शंखनाद है! जनता का यह असीम आशीर्वाद बता रहा है कि कमल का फूल यहाँ पूरी शान से खिलने जा रहा है। भाजपा का मतलब ही है ‘विकास की गारंटी’। केंद्र में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की डबल इंजन की सरकार और राज्य की हमारी विष्णु देव साय जी सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ के कोने-कोने को संवार रही है। अब बारी बम्हनीडीह की है! जैसे ही आप रमेश डडसेना जी और भाजपा के पार्षदों को चुनकर लाएंगे, यहाँ विकास की रफ्तार और तेज़ होगी। बुनियादी सुविधाओं से लेकर युवाओं के रोजगार और माताओं-बहनों के सम्मान तक, हर वादा पूरा किया जाएगा। हमारे अध्यक्ष पद के कर्मठ, ईमानदार और आप सबके सुख-दुख के साथी श्री रमेश कुमार डडसेना जी और हमारे सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए आज पूरा बम्हनीडीह एक सुर में खड़ा हो गया है। रमेश जी एक ऐसे व्यक्तित्व हैं जो सत्ता के लिए नहीं, बल्कि आपकी सेवा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहते हैं। इनके हाथों में बम्हनीडीह का भविष्य सुरक्षित है। मैं आप सभी से करबद्ध प्रार्थना करने आया हूँ कि आने वाली तारीख को अपनी और अपने बच्चों की तरक्की के लिए, बम्हनीडीह की खुशहाली के लिए भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं। आपका एक-एक वोट बम्हनीडीह को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा नेत्री संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, भाजपा पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता साथी व नगरवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button