परसदा में सुशासन तिहार का समाधान शिविर, विधायक अनुज शर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार-2026 के तहत ग्राम परसदा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक शर्मा ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, आयुर्वेदिक दवाइयां, कृषि बीज तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की चाबियां वितरित की गईं। महिलाओं को पोषण आहार भी प्रदान किया गया। विधायक ने विभागों और स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जिससे शिकायतों के निराकरण और विकास कार्यों में तेजी आ रही है।
उन्होंने बताया कि 1 मई से 10 जून तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सकते हैं। सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण के उद्देश्य से इन शिविरों के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, स्वाति वर्मा, टिकेश्वर मनहरे, सुरेंद्र वर्मा, सोना वर्मा, सुमित सेन, अपर कलेक्टर उमाशंकर बंदे, एसडीएम आशुतोष देवांगन, तिल्दा जनपद सीईओ रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




