Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के दिए निर्देश

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आज शिक्षा विभाग के संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक अपने शासकीय आवास कार्यालय के सभाकक्ष में लेकर प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता, पाठ्यक्रम की प्रगति, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों तथा विद्यालयों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जाए तथा शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सभी संभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और जहां शासन के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यालयों में नियमित अध्यापन, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिक्षकविहीन एवं एकल शिक्षक वाले विद्यालयों तथा दिव्यांग शिक्षकों की पदस्थापना वाले विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निलंबित शिक्षकों के प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की।

बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो

शिक्षा मंत्री ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिक्षकों के अवकाश पर जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं परीक्षा की तैयारी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तिमाही परीक्षा परिणामों का मूल्यांकन कर कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने तथा अर्धवार्षिक एवं बोर्ड परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी कराने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यार्थियों के गणितीय ज्ञान और शब्द ज्ञान के स्तर की संभागवार समीक्षा भी की गई। इसके साथ ही जिलों में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की गई।

प्रत्येक शनिवार योग और खेल गतिविधियों के लिए कम से कम एक घंटा निर्धारित करें

शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद, योग एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार विद्यालयों में कम से कम एक घंटे योग एवं खेल गतिविधियों में बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही स्काउट-गाइड एवं एनसीसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (पीटीआई) के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में प्रमुख राष्ट्रीय दिवसों, त्योहारों, उत्सवों एवं वीर शहीदों की जयंती पर सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन आयोजनों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास किया जाए।

शिक्षा मंत्री ने सभी विद्यालयों में ‘हमारा स्वच्छ स्कूल’ अभियान के अंतर्गत नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। स्वच्छता अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।बैठक में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) से संबंधित सेवा पुस्तिका एवं पासबुक सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए माहवार शिविर अथवा बैठक आयोजित कर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेंशन प्रकरणों, निलंबन संबंधी मामलों तथा शिक्षा विभाग से जुड़े न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।

शिक्षा मंत्री ने संभागों में विद्यालयों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों एवं जिला मिशन समन्वयकों (डीएमसी) की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में जर्जर शाला भवनों के निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं, विद्यालयों के सेटअप में संशोधन तथा राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मंत्रोच्चार के लिए ध्वनि यंत्रों के उपयोग की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी संभागीय अधिकारी नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो और प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button