अन्नदाताओं को मिली बड़ी सौगात: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ग्राम गिधली में नवीन धान उपार्जन केंद्र का किया लोकार्पण

बसना। छत्तीसगढ़ प्रदेश में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास के साथ ‘धान खरीदी उत्सव’ मनाया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश भर में धान खरीदी उपार्जन केंद्रों का शुभारंभ हो रहा है। इसी कड़ी में बसना विधानसभा क्षेत्र में भी धान खरीदी उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस क्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गिधली में नवीन धान खरीदी उपार्जन केंद्र का भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह में बसना विधानसभा के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विधिवत रूप से फीता काटकर नवीन धान खरीदी उपार्जन केंद्र का उद्घाटन किया।
तत्पश्चात, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने भगवान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त क्षेत्रवासियों एवं अन्नदाताओं की सुख-समृद्धि, उत्तम फसल और खुशहाली की मंगल कामना की। इसके बाद उन्होंने संपूर्ण धान उपार्जन केंद्र का भ्रमण कर इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, बारदाना की उपलब्धता, नमी मापक यंत्र, पेयजल, छाया तथा किसानों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
समारोह में उपस्थित जनसमूह और किसानों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में हर वर्ष धान खरीदी उत्सव के रूप में किसानों के परिश्रम का सम्मान किया जाता है। यह उत्सव हमारे अन्नदाताओं की खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक है। ग्राम गिधली में इस नवीन धान उपार्जन केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक सुगम, व्यवस्थित और नजदीकी माध्यम उपलब्ध हुआ है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि किसान हमारे देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब किसान आर्थिक रूप से सशक्त और खुशहाल होगा, तभी गांव, प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव है। हमारा सदैव यही प्रयास रहता है कि बसना विधानसभा के प्रत्येक किसान को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ मिले और उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण करने के साथ ही विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मौके पर उपस्थित समिति प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सुगमता बरती जाए। केंद्र में आने वाले प्रत्येक किसान को सम्मानजनक वातावरण मिले तथा तौल से लेकर भुगतान तक किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी न हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हित और कल्याण के लिए पूर्णतः संकल्पित है। साय सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से अन्नदाताओं को उनकी उपज का सर्वोच्च सम्मान और उचित मूल्य प्रदान किया जा रहा है। आज प्रदेश का किसान अपने परिश्रम का पूरा सम्मान पाकर गौरवान्वित और आत्मनिर्भर महसूस कर रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी,मंडल अध्यक्ष गढ़फूलझर नरहरि पोर्ते, विधायक प्रतिनिधि अरविन्द मिश्रा,अध्यक्ष कुरचुण्डी सोसायटी तेजेन्द्र पटेल,अध्यक्ष खरोरा सोसायटी केदार पटेल,सरपंच ग्राम पंचायत गिधली शोभित मांझी,अध्यक्ष मोहका सोसायटी संजय प्रधान,जिला मीडिया प्रभारी आर्थिक प्रकोष्ठ विजय पटेल,उपाध्यक्ष भाजपा बसना दिलीप साव,उपसरपंच मोहन पटेल,मधुसुदन पटेल,रामेश्वर बारिक,मंथीर बारिक ,ग्राम गौंटिया विरेन्द्र बारिक, सुनिल बारिक,ब्रांच मैनेजर लक्ष्मी डड़सेना,सरपंच खरोरा भरतलाल दास,सोसायटी अध्यक्ष टेमरी डिग्रीलाल साव,जनेक बारिक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, सहकारी समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के सैकड़ों किसान भाई उपस्थित रहे।





