पेट्रोल-डीजल संकट काे लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

रायपुर। पेट्रोल-डीजल संकट को लेकर कांग्रेसियों ने आज प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूरे देश में पेट्रोल डीजल की कमी से उत्पन्न असमंजस और अराजकता की स्थिति, आम जनता को हो रही शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों और वैकल्पिक व्यवस्था करने में केंद्र और राज्य सरकार की विफलता के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में रायपुर शहर के अंतर्गत आने वाले 12 ब्लॉकों में पेट्रोल पंपों एवं प्रमुख चौक चौराहों पर प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतिगत असफलताओं एवं लापरवाही के कारण आज आम जनता पेट्रोल डीजल के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है, व्यापार एवं दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं और आम नागरिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी थी कि समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करती, लेकिन भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार की अदूरदर्शिता और प्रशासनिक अक्षमता के कारण जनता भय और असुविधा के माहौल में जीने को मजबूर है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।

यह प्रदर्शन शहीद भगत सिंह ब्लॉक द्वारा आमानाका ओवर ब्रिज, डॉ. खूबचंद बघेल ब्लॉक द्वारा कुशालपुर ओवर ब्रिज, संत कबीर दास ब्लॉक द्वारा मोवा थाना के पास, पंडित जवाहरलाल नेहरू ब्लॉक द्वारा तेलीबांधा पेट्रोल पंप, वीरांगना अवंती बाई ब्लॉक द्वारा फाफाडीह चौक, गुरु घासीदास ब्लॉक द्वारा शंकर नगर चौक, सरदार वल्लभभाई पटेल ब्लॉक द्वारा रामनगर पेट्रोल पंप, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी ब्लॉक द्वारा गुढ़ियारी, संत माता कर्मा ब्लॉक द्वारा रिंग रोड उद्योग भवन, शहीद पंकज विक्रम ब्लॉक द्वारा पुलिस लाइन पेट्रोल पंप, लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित ब्लॉक द्वारा कालीबाड़ी तथा महंत लक्ष्मी नारायण दास ब्लॉक द्वारा वीरभद्र नगर पेट्रोल पंप के सामने आयोजित किया गया।

प्रदर्शन में पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, एजाज ढेबर, सुबोध हरितवाल गिरीश दुबे, आकाश शर्मा, दिनेश ठाकुर, प्रशांत ठेंगड़ी, सुधा सरोज, विनोद ठाकुर, विजय टंडन, सुजीत सिंह, कमल धृतलहरे, मिलिंद गौतम, देव कुमार साहू, किशन लाल बाजारी ओम श्रीवास अर्जुमन ढेबर सुयश शर्मा सतनाम पनाग देवेंद्र यादव उत्तम साहू अरुण जंघेल बंशी कन्नौजे मनोज बंजारे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।




