Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

नकली पानी का बड़ा खेल बेनकाब, 606 बोरी पाउच जब्त

डोंगरगढ़। नवरात्र के बीच डोंगरगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए अवैध तरीके से पैकेज्ड पानी बनाया जा रहा था. खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने ग्राम नागतराई में छापा मारकर इस पूरे खेल का खुलासा किया. वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में ‘हाइड्रावेडॉ एक्वा’ नाम की फैक्ट्री की जांच की गई. जांच में सामने आया कि यह यूनिट बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थी. इतना ही नहीं, पानी के पाउच पर छपा निर्माता का पता भी गलत और भ्रामक पाया गया, जो सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला है.

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 200 मिलीलीटर के ‘खाद्य हिन्द’ ब्रांड के कुल 606 बोरी पानी पाउच जब्त कर लिए. यह पानी बाजार में खपाने की तैयारी में था, यानी बड़ी संख्या में लोगों तक यह संदिग्ध पानी पहुंच सकता था. अधिकारियों के मुताबिक, बिना मानकों के तैयार किया गया यह पानी लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. ऐसे पानी से संक्रमण और अन्य बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है.

फिलहाल जब्त किए गए पाउच के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद मामले को न्यायालय में पेश किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिले, तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 9340597097 पर शिकायत करें.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button