Home
🔍
Search
Videos
Stories
Breaking newsFeature
Trending

राज्यपाल रमेन डेका से मिले बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, गढ़फूलझर गुरुद्वारा भूमिपूजन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित करने का किया आग्रह

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की राज्यपाल से भेंट, नानक सागर गढ़फूलझर भूमिपूजन हेतु पीएम मोदी के नाम दिया आमंत्रण

नानक सागर गढ़फूलझर गुरुद्वारा निर्माण: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल व कार सेवा जत्थेदार ने राज्यपाल रमेन डेका को सौंपा पीएम मोदी के नाम निमंत्रण

ऐतिहासिक नानक सागर गढ़फूलझर गुरुद्वारा भूमिपूजन: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल, राज्यपाल के जरिए पीएम मोदी को भेजा बुलावा

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं कार सेवा प्रमुख जत्थेदार साहेब सिंह (करनाल वाले) के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट व शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय को शॉल व श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया।

इस महत्वपूर्ण मुलाकात का मुख्य उद्देश्य महामहिम राज्यपाल के माध्यम से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल ‘नानक सागर गढ़फूलझर गुरुद्वारा’ के नवनिर्माण भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करना है।

मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि बसना क्षेत्र का गढ़फूलझर सिखों के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी की पावन चरण रज से सुशोभित एक अत्यंत पवित्र और ऐतिहासिक तीर्थ स्थल है। यहाँ भव्य ‘नानक सागर गुरुद्वारा’ के निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई है। इस ऐतिहासिक गुरुद्वारा निर्माण के भूमिपूजन समारोह को भव्य रूप देने तथा क्षेत्र के लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। इसी तारतम्य में महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका जी से मुलाकात कर उन्हें प्रधानमंत्री जी के नाम आमंत्रण पत्र सौंपा गया तथा उनसे आग्रह किया गया कि वे प्रधानमंत्री जी को इस पुनीत कार्य हेतु पधारने के लिए अपनी ओर से भी अनुशंसा करें।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि गुरु नानक देव जी का यह पावन धाम पूरे छत्तीसगढ़ और देश की आस्था का केंद्र है। प्रधानमंत्री जी के आगमन से इस धार्मिक स्थल को राष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी अभूतपूर्व गति प्राप्त होगी।

राजभवन में आयोजित इस भेंट के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं जत्थेदार साहेब सिंह करनाल वाले (कार सेवा) के साथ प्रमुख रूप से हरिकिशन सिंह, मुखविंदर सिंह रंधावा, अमृत पाल सिंह ओबेरॉय एवं नानक सागर साहिब छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रभारी रोमी सलूजा उपस्थित रहे। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस धार्मिक पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button