रक्तदान शिविर और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान

रायपुर। सुरक्षित भवः फाउंडेशन, रायपुर ट्रैफिक पुलिस, राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (NACIN), अपना ब्लड सेंटर एवं रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जीएसटी कार्यालय, पुजारी पार्क के सामने रक्तदान शिविर एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना और लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में नागरिकों, युवाओं और कर्मचारियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर कमिश्नर (अपील) शैलेन्द्र कुमार (IRS) ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। वहीं NACIN की जॉइंट डायरेक्टर शिवी सांगवान (IRS) ने सामाजिक उत्तरदायित्व और सड़क सुरक्षा में नागरिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। अतिरिक्त सहायक निदेशक सलमान इम्तियाज हुसैनी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
डीसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने सड़क सुरक्षा मंत्र की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करने वाले नागरिकों को शासन की ओर से 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सुरक्षित भवः फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. संदीप धुपड़ ने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए जनभागीदारी को आवश्यक बताया। वहीं फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. केशव राव ने बताया कि संस्था पिछले 14 वर्षों से सड़क सुरक्षा, रक्तदान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है तथा देशभर में कई जनजागरूकता अभियान चला चुकी है।
ट्रैफिक टीचर टी.के. भोई ने “गुड सेमेरिटन” को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा और गोल्डन ऑवर के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान अपना ब्लड सेंटर द्वारा रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत हेलमेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय सुरक्षित भवः फाउंडेशन की डिप्टी डायरेक्टर निधि अग्रवाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में जीएसटी इंस्पेक्टर योगेश मौर्या का विशेष सहयोग रहा।

इस मौके पर फाउंडेशन के सदस्य बलविंदर सिंह, ऋषित कुमार सोनी, मैत्री व्यास, देवाशीष, रक्षा, सुरक्षा, लक्ष्मण, रोहित सहित अपना ब्लड सेंटर रायपुर के अभय जैन, सागर साहू, गजेंद्र साहू, खूबचंद्र वर्मा, पंकज, मयंक, हिमांशु और आदित्य समेत कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




