Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

महीनों से रुकी सामाजिक पेंशन को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, मिट्टी तेल वितरण व्यवस्था को लेकर भी जताई नाराजगी

रायपुर। सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली पेंशन महीनों से रुकी होने और हितग्राहियों को न मिलने पर आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। वृद्धजन, विधवा महिलाएं और दिव्यांगजन पेंशन न मिलने से परेशान हैं और कांग्रेस ने इनके पक्ष में आवाज उठाई।

कांग्रेस ने बताया कि सामाजिक पेंशन से अपना जीवन यापन करने वाले हितग्राही दाने-दाने के लिए मोहताज हो रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र और राज्य सरकार ने इस मामले में गंभीर लापरवाही बरती है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में हजारों कांग्रेसजन हितग्राहियों के साथ सामाजिक कल्याण कार्यालय पहुंचे और जॉइंट डायरेक्टर विनोद गेडाम को घेराव कर रुकी हुई पेंशन तुरंत जारी करने की मांग की।

हजारों हितग्राहियों में से कई ने बताया कि उन्हें ९ महीने से पेंशन नहीं मिली। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर ने कहा कि अगर 14 दिन में पेंशन वितरण की नीति नहीं बनाई गई तो डायरेक्टर कार्यालय का पुनः घेराव किया जाएगा।

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने सरकार पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारियों का हाल इतना बेहाल है तो आम जनता की स्थिति क्या होगी। पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने सेक्रेटरी भुनेश्वर यादव से बातचीत कर पेंशन वितरण में देरी का कारण केंद्र सरकार के सॉफ़्टवेयर को बताया।

इसके अलावा कांग्रेस ने जिलाधीश कार्यालय स्थित खाद्य फूड ऑफिस में मिट्टी तेल वितरण व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि केवल 2 पेट्रोल पंप से पूरे शहर को मिट्टी तेल उपलब्ध कराने से आम जनता को दूर-दूर से आने की दिक्कत होगी और मिलावटखोरी बढ़ सकती है। कांग्रेस ने मांग की कि केरोसिन राशन दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाए, जैसा पहले किया जाता था। खाद्य अधिकारी ने आश्वासन दिया कि आगे से वितरण इसी व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा।

कांग्रेसजन दोनों कार्यालयों में करीब 2 घंटे तक प्रदर्शन कर ठोस आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त किया। इस दौरान पंकज शर्मा, आकाश शर्मा, आकाश तिवारी, प्रकाश जगत, सत्यप्रकाश नायक, श्रीनिवास, राज देवांगन, डॉ. अनुराम साहू, मो. ताहिर, हीरेंद्र देवांगन, महेंद्र सेन, सुशांत डे, दीपक चौबे, अविनय दुबे, सुनील भुवाल, देवकुमार साहू, कमल धृतलहरे, मिलिंद गौतम, सुरजीत सिंह, सुयश शर्मा, सुरेश बुधवानी, ईश्वर चक्रधारी, वेंकट कुमार, गंगा निषाद, पिंकी बाग, लक्ष्मण सेन, सागर टांडी और सत्तू सिंह सहित कई नेता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button