भाटापारा में श्री वैष्णव महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी की अहम बैठक 21 मार्च को, संगठन विस्तार और चुनाव प्रक्रिया पर होगा मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव महासभा द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 21 मार्च 2026, शनिवार को भाटापारा स्थित सत्यनारायण धर्मशाला में किया जा रहा है। बैठक का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे से होगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रदेश कार्यकारिणी के सभी सदस्य, जिलाध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारीगण सादर आमंत्रित किए गए हैं।
महासभा के महासचिव राकेश दास वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाना है। इसके अंतर्गत ग्रामीण एवं ब्लॉक स्तर तक समाज के अधिकाधिक बंधुओं को जोड़ने की रणनीति पर विशेष चर्चा की जाएगी, जिससे संगठन की जड़ें और मजबूत हो सकें तथा मंडल स्तर को सक्रिय और प्रभावशाली बनाया जा सके।
महासचिव श्री वैष्णव ने बताया कि वर्तमान समय में संगठन के विस्तार के लिए सदस्यता अभियान को गति देना अत्यंत आवश्यक है। इसी दिशा में बैठक में सदस्यता अभियान को व्यापक रूप से चलाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। श्री वैष्णव ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु चुनाव संचालन समिति के गठन पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि समयबद्ध तरीके से चुनाव आयोजित किए जा सकें।
यह बैठक संगठन की भावी दिशा और कार्ययोजना तय करने के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें लिए गए निर्णय समाज के संगठनात्मक ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेंगे और भविष्य की गतिविधियों के लिए मार्ग प्रशस्त करेंगे।
महासभा ने स्पष्ट किया है कि यह एक सीमित एवं औपचारिक बैठक है, जिसमें केवल आमंत्रित पदाधिकारियों से ही उपस्थिति का आग्रह किया गया है। आयोजन को लेकर समाज के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों में उत्साह और सक्रियता का वातावरण देखा जा रहा है।




