Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदनों में वृद्धि और समयबद्ध स्वीकृति सुनिश्चित करें :- कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

रायपुर। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को वर्ष 2026-27 की ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टर परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों के पंजीयन तथा संस्था स्तर से आवेदनों की स्वीकृति की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित संस्थाओं के प्रमुखों एवं छात्रवृत्ति प्रभारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति के लिए पात्र विद्यार्थियों के अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देकर उन्हें आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने सभी संबंधित संस्थाओं को छात्रवृत्ति संबंधी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा प्राप्त आवेदनों का संस्था स्तर पर समयबद्ध सत्यापन एवं स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि संबंधित संस्थाएं विद्यार्थियों के पंजीयन एवं आवेदनों की स्वीकृति की नियमित समीक्षा करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।बैठक में अनुपस्थित संस्थाओं के संस्था प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, सहायक आयुक्त शरद चन्द्र शुक्ला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के संस्था प्रमुख और छात्रवृत्ति प्रभारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button