Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

तारा कोल ब्लॉक नीलामी पर दीपक बैज का हमला, बोले- जल, जंगल और जमीन को बेचने का काम कर रही सरकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने PSC परीक्षा में गड़बड़ी और तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रेसवार्ता में बैज ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है तो दूसरी ओर प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को अपने चहेते उद्योगपतियों को बेचने का काम कर रही है।

PSC परीक्षा को लेकर उठाए सवाल

दीपक बैज ने कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने PSC परीक्षा को UPSC की तर्ज पर पारदर्शी तरीके से कराने का वादा किया था। इसके बावजूद PSC परीक्षा में बड़ी गड़बड़ियां सामने आई है। उन्होंने कहा, 265 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी और मुख्य परीक्षा में पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को शामिल किया जाना था, लेकिन इंटरव्यू के लिए केवल 608 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। बैज के मुताबिक, अभ्यर्थियों का कहना है कि न्यूनतम निर्धारित अंक के आधार पर अन्य अभ्यर्थियों को भी इंटरव्यू का मौका मिलना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

उन्होंने 2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पर भी सवाल उठाए। बैज ने दावा किया कि दो अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं सामने आई हैं, जिनमें दोनों के उत्तर समान हैं, लेकिन एक अभ्यर्थी को शून्य अंक दिए गए, जबकि दूसरे को अंक प्रदान किए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि दोनों के उत्तर सही और समान हैं तो दोनों अभ्यर्थियों को समान अंक क्यों नहीं मिले?

तारा कोल ब्लॉक की नीलामी पर भी सरकार को घेरा

PCC चीफ दीकप बैज ने तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर भी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को बेचने का काम कर रही है। बैज ने आरोप लगाया कि तारा कोल ब्लॉक को अपने चहेते उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए नीलामी की प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लेमरू क्षेत्र को वन्यजीवों के संरक्षण की दृष्टि से आरक्षित किया गया था। तारा सहित 9 कोल ब्लॉक को नीलामी से अलग रखने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया था। हसदेव अरण्य में खनन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा भी दाखिल किया गया था, जिसके बाद कोयला मंत्रालय ने 40 कोल ब्लॉक को नीलामी से अलग रखा था।

हाथी क्षेत्र को लेकर भी सवाल

दीपक बैज ने कहा कि 11 दिसंबर 2025 को भाजपा सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कहा था कि लेमरू क्षेत्र एलीफेंट एक्टिव एरिया से अलग है। उन्होंने दावा किया कि वास्तविकता में यह क्षेत्र हाथियों की सक्रिय आवाजाही वाला क्षेत्र है। बैज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई और कोयला खनन किया गया तो इसका सीधा असर वन्यजीवों पर पड़ेगा। जंगल कम होने से हाथियों और अन्य वन्यजीवों का मानव बस्तियों की ओर आना बढ़ेगा और मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने सरकार से PSC परीक्षा में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और तारा कोल ब्लॉक समेत हसदेव क्षेत्र से जुड़े कोल ब्लॉकों की नीलामी पर पुनर्विचार करने की मांग की।

वोट बैंक के लिए ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही बीजेपी

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम और डिप्टी सीएम अरुण साव के बयानों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया है। धर्मांतरण के मुद्दे पर बैज ने भाजपा पर वोट बैंक की राजनीति करने और समाज में ध्रुवीकरण पैदा करने का आरोप लगाया। बैज ने कहा कि कौन क्या कहता है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट बैंक के लिए ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। बैज ने कहा कि कानून बनाए जाने के बावजूद धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में सरकार को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्रिसमस के अवसर पर चर्च जाने और माथा टेकने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा एक तरफ धर्मांतरण का मुद्दा उठाती है और दूसरी तरफ प्रधानमंत्री क्रिसमस पर माथा टेकते हैं। भाजपा का उद्देश्य वोट बैंक का ध्रुवीकरण करना है।

‘RSS देश में दीमक की तरह’

दीपक बैज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि RSS देश में दीमक की तरह है। राम मंदिर से जुड़े चंदे के मुद्दे पर भी बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी किसने की, यह सबको पता है। उन्होंने भाजपा और RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button