Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

गौठान में लगातार गौ माता की मौत से आक्रोशित जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी सड़क पर उतरी, निगम के जोन कार्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

रायपुर। रायपुर के ग्राम फुंडहर स्थित गौठान में गौ माता की लगातार हो रही मौत और गौठान में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी रायपुर के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-9 कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के बाद जोन अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया है कि गौठान में गौ माता की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। निर्धारित मानक के अनुरूप संख्या सीमित रखने के बजाय अधिक संख्या में गौवंश को एक ही स्थान पर रखे जाने से व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। ज्ञापन में पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य देखभाल एवं सुरक्षा व्यवस्था की कमी का भी उल्लेख किया गया है। पार्टी ने इन परिस्थितियों को गौ माता के लगातार बीमार होने एवं मृत्यु की घटनाओं का गंभीर कारण बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की प्रशासन से प्रमुख मांगें-

  1. गौठान में गौ माता की संख्या को निर्धारित मानक के अनुसार सीमित किया जाए।
  2. पर्याप्त चारा एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  3. गौ माता के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की समुचित व्यवस्था की जाए।
  4. गौ माता की हुई मौतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  5. लापरवाही के लिए जिम्मेदार गौठान समिति के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
  6. गौठान का नियमित निरीक्षण एवं उचित देखरेख सुनिश्चित की जाए।

गौ माता की नियमित निगरानी आवश्यक

पार्टी ने कहा कि गौ माता के जीवन की सुरक्षा के लिए केवल औपचारिक व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि गौठान में उपलब्ध संसाधनों, गौवंश की संख्या, भोजन-पानी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी आवश्यक है। भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, रायपुर ने गौठान की वर्तमान स्थिति की तत्काल जांच कराकर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग दोहराई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button