गौ-सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाया गया युवा नेता मोंटी जोशी का जन्मदिन

रायपुर। राजधानी रायपुर में समाजसेवी एवं युवा नेता विवेक (मोंटी) जोशी का जन्मदिवस धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने शामिल होकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संस्थापक कुबेर राठी ने किया।
जन्मोत्सव के दौरान उपस्थित लोगों ने विवेक जोशी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और फूलमालाएं भेंट कर शुभकामनाएं दीं। आयोजन में सर्वधर्म समभाव, सामाजिक एकता और सेवा-भाव का संदेश देखने को मिला।
समिति के संस्थापक कुबेर राठी ने विवेक जोशी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा को समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में सेवा, समर्पण और परोपकार को श्रेष्ठ नेतृत्व का आधार माना गया है। उन्होंने कामना की कि संकट मोचन हनुमान जी की कृपा मोंटी जोशी पर सदैव बनी रहे और वे समाज, धर्म एवं जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहें।

गौ-पूजन कर लिया सेवा का संकल्प
विवेक जोशी ने अपने जन्मदिन की शुरुआत गौ-माता की पूजा और सेवा से की। उन्होंने विधि-विधान से गौ-पूजन करते हुए अपने हाथों से गाय को हरी घास, अनाज, गुड़ और चना खिलाया तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मोंटी जोशी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में गौ-माता का विशेष महत्व है। ‘गावो विश्वस्य मातरः’ का भाव समस्त जगत के प्रति करुणा, सेवा और संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर गौ-माता और बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। सेवा का संकल्प केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे अपने व्यवहार और कर्मों में भी उतारना आवश्यक है।
शुभचिंतकों के प्रति जताया आभार
विवेक जोशी ने जन्मोत्सव के आयोजन के लिए श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति, संस्थापक कुबेर राठी और सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रायपुर की जनता और युवाओं से मिल रहा स्नेह एवं विश्वास उन्हें समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने जनकल्याण, सामाजिक सद्भाव और सेवा-भाव को अपने जीवन में प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया।




