Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में वंदे मातरम् बना राष्ट्रचेतना का उद्घोष, रायपुर ने सेना दिवस पर देश को दिया अनुकरणीय संदेश

रायपुर। गुरुवार को सेना दिवस के अवसर पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र ने देशभक्ति का अद्भुत, अनुकरणीय और ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया। सांसद बृजमोहन के प्रेरक मार्गदर्शन एवं प्रभावी नेतृत्व में करीब 5 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम् का गायन कर देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया।

रायपुर और बलौदाजबाजार-भाटापारा के करीब 3000 स्कूल, कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में 5 लाख विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर यह कीर्तिमान रचा।

रायपुर में नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन स्वयं उपस्थित रहे। जहां विद्यार्थियों और कैडेट्स ने उनका जोरदार स्वागत किया।

श्री राम संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पूर्ण वंदे मातरम् का संगीतमय गायन के साथ कार्यक्रम में उपस्थित हजारों विद्यार्थियों, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स तथा देशप्रेमियों के साथ एक स्वर में वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया। यह दृश्य राष्ट्रप्रेम, एकता और अनुशासन का जीवंत प्रतीक बन गया। जो अत्यंत भावविभोर करने वाला रहा।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग देशभक्ति कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।

सांसद बृजमोहन ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन के मन में भारत माता के प्रति आदर, सम्मान और गहरी देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। मातृभूमि के प्रति समर्पण, कर्तव्यबोध और राष्ट्रभक्ति के संस्कार भावी पीढ़ी में विकसित हों इसी संकल्प के साथ यह ऐतिहासिक आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित “वंदे मातरम्” भारत का राष्ट्रीय गीत है, जिसका शाब्दिक अर्थ है “मैं अपनी मातृभूमि को नमन करता हूँ।” भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत क्रांतिकारियों का उद्घोष बना और इसी गगनभेदी नारे के साथ वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेज़ी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष किया और देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

“वंदे मातरम्” ने देशवासियों के भीतर एकता, साहस और बलिदान की भावना को प्रज्वलित किया। यह गीत आज भी हमें यह स्मरण कराता है कि देश केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी माँ है।

अंत में सांसद बृजमोहन ने कार्यक्रम को सफल बनाने और एक नया कीर्तिमान स्थापित करने के लिए सभी सहभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों, आयोजकों, अधिकारियों एवं नागरिकों को बधाई देते हुए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति समर्पण, सम्मान और संकल्प का उद्घोष है। आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की चेतना को और सशक्त करने हेतु सभी शिक्षण संस्थानों में सप्ताह में एक दिन सामूहिक वंदे मातरम् गायन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व सैनिकों डॉ हिरेंद्र त्रिपाठी, किशोरी लाल, संतोष, योगेश, देवेंद्र डड़सेना को सम्मानित किया। साथ ही डाक विभाग द्वारा जारी विशेष पोस्टकार्ड का विमोचन भी किया गया, जो इस ऐतिहासिक आयोजन की स्मृति को चिरस्थायी बनाएगा।

सांसद बृजमोहन ने इस विराट आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, पूर्व सैनिकों तथा रायपुर की समस्त जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे, महापौर मिनल चौबे, निगम/मंडल अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, संजय श्रीवास्तव, दीपक म्हस्के, शशांक शर्मा, मोना सेन, नगर निगम सभापति सूर्यकांत सिंह राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज अध्यक्ष सतीश थोरानी, विभागीय अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

यह आयोजन न केवल एक रिकॉर्ड है, बल्कि राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को जन-जन तक पहुँचाने की ऐतिहासिक पहल है—जिसने रायपुर को देश के मानचित्र पर गौरवपूर्ण पहचान दिलाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button