‘अमृत काल’ में विकसित छत्तीसगढ़ की नींव रखेगा यह ऐतिहासिक बजट: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल
बसना। छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया देते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने इसे प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि हर छत्तीसगढ़िया के स्वाभिमान और समृद्धि का ब्लूप्रिंट है, जिसमें ‘अंत्योदय’ के संकल्प को धरातल पर चरितार्थ किया गया है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बजट की वैचारिक गहराई पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विष्णुदेव साय सरकार के प्रथम वर्ष की थीम जहाँ ‘ज्ञान’ (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) पर आधारित थी, वहीं इस वर्ष इसे ‘गति’ (गुड गवर्नेंस, एक्सीलेरैटिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर, टेक्नॉलॉजी और इण्डस्ट्रीयल ग्रोथ) के साथ जोड़कर ‘संकल्प’ की अवधारणा में पिरोया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की नीति को प्रदर्शन में और निवेश को परिणामों में बदलने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बजट की प्रमुख घोषणाओं और उनकी बारीकियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण को राज्य की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने रेखांकित किया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्रदेश भर में सड़कों और सरकारी भवनों का आधुनिक जाल बिछाने के उद्देश्य से 9,451 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजटीय आवंटन किया गया है, जो अधोसंरचना के क्षेत्र में एक नई क्रांति लाएगा। इसी क्रम में, आम नागरिक की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने बताया कि हर घर तक शुद्ध और सुरक्षित पेयजल पहुँचाने के संकल्प को पूरा करने के लिए ‘जल जीवन मिशन’ के अंतर्गत 3,000 करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। शहरी विकास की दिशा में राज्य सरकार के विजन को स्पष्ट करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना’ के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इस निवेश से न केवल नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में स्वच्छता का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि नागरिक सेवाओं और स्थानीय बुनियादी ढांचे में भी व्यापक व गुणात्मक सुधार सुनिश्चित होगा।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कृषि क्षेत्र की सराहना करते हुए कहा कि ‘कृषक उन्नति योजना’ और सिंचाई परियोजनाओं के लिए आवंटित राशि किसानों की खुशहाली सुनिश्चित करेगी। उन्होंने युवाओं के लिए ‘अटल निर्माण वर्ष’ के तहत बुनियादी ढांचे में निवेश और कौशल विकास को रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बताया। साथ ही, ‘महतारी वंदन योजना’ और महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में उठाए गए कदमों को महिला स्वावलंबन का प्रत्यक्ष प्रमाण करार दिया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पिछले 25 वर्षों में बजट के आकार में हुई 30 गुना बढ़ोतरी ऐतिहासिक है। यह डिजिटल लर्निंग और आधुनिक शिक्षा के माध्यम से राज्य के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने बस्तर और सरगुजा जैसे सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य और सुरक्षा के विशेष प्रावधानों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गारंटी’ को पूरा करने और छत्तीसगढ़ को 2047 तक ‘विकसित राज्य’ बनाने की दिशा में एक सशक्त और प्रभावी कदम है।




