Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

खस्ताहाल सड़क के कारण कार्यक्रम में दो घंटे देर से पहुंचे मंत्री, जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश…

बलरामपुर। जिले में लगातार बारिश के बीच सड़कों की बदहाल स्थिति अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए सेमरसोत एनएच-343 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली के कारण शिक्षक दिवस कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम दो घंटे देर से पहुंचे। सड़क ने हालात को देखते हुए मौके से ही कलेक्टर को जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि बरसात शुरू होने के कुछ महीने पहले ही PWD विभाग द्वारा इस सड़क पर पेंच रिपेयर का काम कराया गया था। इसके बावजूद कुछ ही समय में सड़क की हालत फिर से बेहद खराब हो गई। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

रात में सफर करना हुआ खतरनाक

सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। दिन में किसी तरह वाहन चालक गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात में सफर करना मानो जान हथेली पर रखकर चलने जैसा हो गया है।

वर्तमान में बलरामपुर-अंबिकापुर NH-343 का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसके चलते मुख्यालय से अंबिकापुर की ओर आने-जाने के लिए यह PWD मार्ग बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। ऐसे में इस सड़क की खराब हालत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है.

मरम्मत के कुछ माह बाद ही उखड़ी सड़क

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर कुछ समय पहले कराया गया पेंच रिपेयर का काम गुणवत्ता के लिहाज से सवालों के घेरे में है। बारिश आते ही सड़क फिर उखड़ने लगी और गड्ढे बढ़ते चले गए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की गुणवत्ता और मरम्मत कार्य की निगरानी की जाती तो आज यह स्थिति नहीं बनती।

मंत्री ने मौके से ही कलेक्टर को दिए निर्देश

इसी जर्जर मार्ग से कृषि मंत्री रामविचार नेताम गुजर रहे थे। सड़क की बदहाली को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और मौके से ही कलेक्टर से चर्चा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मंत्री की नाराजगी के बाद अब लोगों को उम्मीद जगी है कि लंबे समय से बदहाल सड़क की स्थिति सुधरेगी और जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button