गदही तालाब में स्वच्छता अभियान का असर, 5वें सप्ताह में दिखा बड़ा बदलाव

रायपुर। रायपुरा स्थित गदही तालाब में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर ग्रीन आर्मी रायपुरा जोन द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान पांचवें सप्ताह में भी लगातार जारी है। संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे के मार्गदर्शन में अभियान ने अब गति पकड़ ली है और क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

अभियान के तहत वर्षों से जमा गंदगी हटाई गई, बड़े कचरे के ढेर साफ किए गए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। तालाब की पचरी को साफ कर उपयोग योग्य बनाया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। वहीं तालाब स्थित गार्डन की सफाई कर परिसर को स्वच्छ और आकर्षक रूप दिया गया है।
क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी शुरू कराया गया, जिससे प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई है और नागरिकों को राहत मिली है। इन प्रयासों से गदही तालाब क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्था का स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है, साथ ही स्थानीय लोगों में जागरूकता भी बढ़ी है।
इस दौरान रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोध कांत, सचिव मनीष शर्मा, उपाध्यक्ष मेघराज हरिनखेड़े सहित जोन के सदस्य उपस्थित रहे। स्थानीय पार्षद महेंद्र औसर ने भी मौके पर पहुंचकर कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, श्याम बघेल (डीडीयू नगर जोन), नारायण सेन और चांदनी देवांगन (ब्राह्मण पारा जोन) की भी उपस्थिति रही।
प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने बताया कि अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखते हुए और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।




