रायपुर: सेंट्रल बैंक के जोनल ऑफिस में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू; कलेक्टर ने किया निरीक्षण

रायपुर के जयस्तम्भ चौक स्थित बॉम्बे मार्केट में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका। घटना के समय कार्यालय बंद था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से भवन और कुछ दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
बचाव एवं राहत कार्य के दौरान एसडीएम नंद कुमार चौबे, जिला सेनानी नगर सेना पुष्पराज सिंह, रायपुर तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।


