Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

जेवरा में भक्तिभाव से निकला भगवान जगन्नाथ का रथ, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की क्षेत्र की खुशहाली की कामना

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जेवरा में आषाढ़ मास की पवित्र तिथि पर श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सर्वप्रथम भगवान जगन्नाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने रथ के समक्ष माथा टेककर संपूर्ण बसना विधानसभा क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। इसके पश्चात वे चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित हुए और कथा व्यास का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पौराणिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी साक्षात परमब्रह्म हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ‘रथे तु वामनं दृष्ट्वा पुनर्जन्म न विद्यते’ अर्थात जो भक्त रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर लेता है, वह संसार के समस्त कष्टों से मुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त करता है। महाप्रभु जगन्नाथ समरसता और भ्रातृभाव के प्रतीक हैं, जो अपने भक्तों पर कृपा बरसाने के लिए स्वयं प्रांगण में पधारते हैं।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि सनातन संस्कृति में रथ यात्रा का अत्यंत गूढ़ और आध्यात्मिक अर्थ है। जिस प्रकार भगवान का यह विशाल रथ सत्य, धर्म और भक्ति के पहियों पर आगे बढ़ता है, उसी प्रकार हमारा जीवन भी प्रभु की कृपा और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। जेवरा का यह पावन आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों और अटूट आस्था का जीवंत उदाहरण है। जब समाज में ऐसे धार्मिक अनुष्ठान होते हैं, तो वहां सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समूचा क्षेत्र आध्यात्मिक चेतना से सराबोर हो उठता है।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जनसेवा ही प्रभु सेवा है। भगवान जगन्नाथ स्वामी जी का आशीर्वाद जब तक हमारे साथ है, तब तक बसना क्षेत्र का कोई भी नागरिक स्वयं को असहाय महसूस नहीं करेगा। प्रभु के चरणों में यही प्रार्थना है कि हमारे किसानों के खेतों में हरियाली बनी रहे, हर घर में अन्न और धन के भंडार भरे रहें और क्षेत्र विकास के नए आयाम गढ़े। जेवरा की पावन धरा पर जनता का यह अपार स्नेह और भक्ति भाव देखकर मन अत्यंत अभिभूत है।

इस भव्य आयोजन में ग्राम पटेल लखेश्वर साव, अध्यक्ष जगन्नाथ मंदिर समिति गंगाधर पटेल, कोषाध्यक्ष मंदिर समिति पुरंदर सांड ,मोहन राठौर,पूर्व सरपंच सानमोती चौहान, विधायक प्रतिनिधि खेमराज अग्रवाल, पंच गंगाधर चौहान,मीडिया प्रभारी आर्थिक प्रकोष्ठ विजय पटेल, शिवकिशोर साहू,किशन बंजारा,महामंत्री युवा मोर्चा सहदेव पटेल,उपसरपंच मनीराम साव रथलाल पटेल,निज सचिव नरेंद्र बोरे, संतोष चौहान,अंजोर चौहान,मोहन बंजारा,विद्याचरण बंजारा,रतन साव,लखेराम बंजारा,स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button