पिकअप में लोड कर ले जा रहे थे सागौन के लट्ठे, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार…

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवापारा (जेवरा) जंगल से सागौन के ईमारती पेड़ों की कटाई कर अवैध परिवहन करने वाले गिरोह को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से 16 नग सागौन लट्ठा, आरा मशीन और पिकअप वाहन सहित कुल ढाई लाख के आसपास की संपत्ति जब्त की गई है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि वन परिक्षेत्र बिलासपुर के नवापारा परिसर में पदस्थ वनरक्षक को तड़के करीब 3:30 बजे सीपत पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि कुछ लोग नवापारा (जेवरा) जंगल में सागौन वृक्ष काटकर पिकअप वाहन में भरकर चोरी कर ले जाने की तैयारी में हैं. सूचना पर पुलिस टीम और वन विभाग के कर्मचारी संयुक्त रूप से मौके के लिए रवाना हुए. नवापारा बेरियर के पास घेराबंदी की गई. कुछ देर बाद जंगल की ओर से आती एक पिकअप वाहन की लाइट दिखाई दी. वाहन को रोककर जांच की गई.
तिरपाल हटाते ही सामने आए 16 सागौन लट्ठा
जांच के दौरान पिकअप नंबर सीजी 11 एबी 0612 वाहन में पुरानी तिरपाल ढकी मिली. तिरपाल हटाने पर वाहन में 16 नग सागौन के ईमारती लट्ठा भरे पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत एक लाख के आसपास बताई जा रही. वाहन में चालक सहित कुल पांच व्यक्ति सवार थे.
मामले में पकड़े गए आरोपी
बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा निवासी रामचंद कुर्रे (41), बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा निवासी संतोष कुमार (50), ठरगा बहरा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा निवासी जय सिंह ओगरे (62), महुदा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा निवासी लिल्लू राम पटेल (56) और महुदा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा निवासी रघुवीर सिंह मरावी (40) को गिरफ्तार किया गया है.
जंगल से काटकर ले जाने की बात स्वीकारी
आरोपियों से सागौन लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई कागजात नहीं दिखा सके. प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने नवापारा जंगल से ही लकड़ी काटकर जांजगीर-चांपा जिले की ओर ले जाने की बात स्वीकार की. कार्रवाई के दौरान 16 नग सागौन लट्ठा, डीजल आरा मशीन व ब्लेड और पिकअप वाहन जब्त किया गया.
वन विभाग की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
वनरक्षक द्वारा थाना सीपत में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर नवापारा (जेवरा) जंगल से सागौन ईमारती लकड़ी काटकर चोरी एवं अवैध परिवहन किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया. सीपत पुलिस ने पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.




