केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन, 15 विद्यालयों के 155 विद्यार्थियों ने लिया भाग

रायपुर। केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा 21 से 22 अप्रैल 2026 तक पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2, रायपुर में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन किया गया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में रायपुर क्षेत्र के 15 केंद्रीय विद्यालयों के कुल 155 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 106 बालिकाएं एवं 49 बालक शामिल रहे। इस दौरान 26 एस्कॉर्ट्स भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में खो-खो के साथ अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्गों में बालक-बालिकाओं के लिए योग, तीरंदाजी एवं रस्सीकूद की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे आयोजन में उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक तंदुरुस्ती एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता का समापन सफलतापूर्वक हुआ।
विद्यालय के प्राचार्य सुजीत सक्सेना समग्र प्रभारी रहे, जबकि गिरीश बाबू पर्यवेक्षक एवं संजय बिसेन प्रतियोगिता सचिव की भूमिका में रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, एस्कॉर्ट्स एवं आयोजकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।




