Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

10वीं-12वीं मेरिट स्टूडेंट्स के लिए खास तोहफा: 10 मई को शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में दिखाया जाएगा IPL मैच

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों को एक खास तोहफा दिया है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले छात्र-छात्राओं को 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेले जाने वाला IPL मैच निःशुल्क दिखाया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश

स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में प्रदेशभर के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित मेरिट छात्रों को एक शिक्षक की देखरेख में 10 मई की सुबह 10 बजे तक SCERT रायपुर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। SCERT से सभी विद्यार्थियों को एक साथ स्टेडियम ले जाने की व्यवस्था की जाएगी।

देखें आदेश

टिकट विंडो खुली, सस्ती सीटें पलक झपकते बिकीं

10 मई के RCB vs MI मैच के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सबसे सस्ती ₹2500 की टिकट विंडो खुलते ही महज कुछ मिनटों में पूरी तरह सोल्ड आउट हो गई। फिलहाल ₹3300 से लेकर ₹8000 तक की टिकटें उपलब्ध हैं। टिकट बुकिंग के लिए दर्शक https://shop.royalchallengers.com/ticket वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं। इस बार सभी टिकटें केवल ऑनलाइन माध्यम से ही बेची जा रही हैं, काउंटर पर कोई बिक्री नहीं होगी।

13 मई को RCB vs KKR, टिकट 4 मई से

रायपुर में 10 मई के बाद 13 मई को एक और बड़ा मुकाबला होगा। इस दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मैच खेला जाएगा। इस मैच की टिकट बिक्री 4 मई से शुरू होगी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह एक और मौका होगा कि वे रायपुर में ही दो बड़े IPL मुकाबलों का लुत्फ उठा सकें।

8 मई को रायपुर पहुंचेगी RCB टीम

जानकारी के अनुसार RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां करीब 6 दिन तक रुकेगी। इस दौरान टीम स्टेडियम में अभ्यास भी करेगी। मुंबई इंडियंस की टीम भी 8 मई के बाद रायपुर पहुंच सकती है।

डिजिटल M-टिकट और QR कोड से होगी एंट्री

इस बार मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जाएंगे। दर्शकों को फिजिकल टिकट लेने की कोई जरूरत नहीं होगी। स्टेडियम में प्रवेश के लिए QR कोड की व्यवस्था की गई है, जो मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही एक्टिव होगा। इससे पहले QR कोड एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। आयोजकों का कहना है कि यह पूरी व्यवस्था फर्जी एंट्री और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए लागू की गई है।

टिकट ट्रांसफर: सिर्फ एक बार, सख्त नियम

हर M-टिकट को केवल एक बार ही किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर किया जा सकेगा। ट्रांसफर के दौरान रिसीवर का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और कंफर्म होते ही पुराने यूजर की एक्सेस स्वतः समाप्त हो जाएगी। नया यूजर वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर टिकट एक्सेस कर सकेगा।

गेट, एंट्री और जरूरी नियम

स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे। दर्शकों को अपने टिकट में दर्ज गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश करना होगा। Re-entry की अनुमति नहीं होगी। 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट अनिवार्य है। एक मोबाइल नंबर से अधिकतम 4 टिकट ही बुक की जा सकती हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने दर्शकों से अपील की है कि वे केवल जरूरी सामान लेकर पहुंचें और सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button