10वीं-12वीं बोर्ड के टॉपर की लिस्ट देखिये, 12वीं में जिज्ञासु वर्मा और 10वीं में संध्या नायक बनी टॉपर

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की उपस्थिति में रिजल्ट जारी किया। इसके साथ ही मंडल ने दोनों कक्षाओं के टॉपर्स की सूची भी सार्वजनिक की।
10वीं बोर्ड परीक्षा में इस बार छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। टॉप-3 में महासमुंद जिले की दो छात्राओं ने जगह बनाई है। एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की संध्या नायक और एकलव्य स्कूल बलोदा की परीरानी प्रधान ने 594 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं मुंगेली के अंशुल शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। तीनों विद्यार्थियों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने के साथ करीब ढाई लाख विद्यार्थियों का इंतजार भी खत्म हो गया। इस वर्ष जिज्ञासु वर्मा ने प्रदेश में टॉप किया है। बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 493 अंक प्राप्त कर 98.69 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया। जिज्ञासु, नरेंद्र कुमार वर्मा और महेश्वरी वर्मा के पुत्र हैं।
बता दें कि बोर्ड परीक्षाएं 20 और 21 फरवरी से शुरू हुई थीं, जो 18 मार्च तक चलीं। पहले बोर्ड ने 15 अप्रैल तक परिणाम जारी करने की योजना बनाई थी, लेकिन 12वीं हिंदी का पेपर लीक होने का मामला सामने आने के बाद 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी थी, जिसके कारण रिजल्ट में देरी हुई।
लाखों छात्रों को था रिजल्ट का इंतजार
गौरतलब है कि हाई स्कूल परीक्षा की मुख्य परीक्षा 21 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 3,20,535 छात्र शामिल हुए। इनमें 1,42,881 बालक और 1,77,654 बालिकाएं शामिल हैं। प्रदेशभर में 2,510 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा की मुख्य परीक्षा 20 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें कुल 2,45,785 छात्र शामिल हुए। इनमें 1,02,975 बालक और 1,42,810 बालिकाएं शामिल हैं। इस परीक्षा के लिए 2,395 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे।
रिजल्ट देखने के लिए इन स्टेप्स को करें फॉलो
CGBSE Class 10th-12th Result: स्टूडेंट्स इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना रिजल्ट चेक और डाउनलोड कर सकते हैं—
ऑफिशियल वेबसाइट cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाएं।
होमपेज पर जाकर CGBSE Class 10 Result 2026 या CGBSE Class 12 Result 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
यहां अपना रोल नंबर, डेट ऑफ बर्थ और कैप्चा कोड एंटर करें।
आपकी मार्कशीट कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसे चेक करें और भविष्य में इस्तेमाल के लिए इसका प्रिंटआउट लेना न भूलें।
ऑफिशियल वेबसाइट के अलावा स्टूडेंट्स SMS के जरिए भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। 10वीं का रिजल्ट देखने के लिए CG10 के साथ अपना रोल नंबर टाइप करें और 56263 पर भेज दें।
Chhattisgarh Class 10th-12th Result : रिजल्ट देखने के लिए इन लिंक पर करें क्लिक




