रायपुर निगम आयुक्त के सख्त निर्देश: अधिक से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सभी टैंकरों में लगेगा GPS

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में अधिकारियों को जल संरक्षण, जनस्वास्थ्य, विकास कार्यों और राजस्व वसूली से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने और इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकृत जियो-हाइड्रोलॉजिस्ट और विभिन्न संगठनों के सहयोग से अधिकाधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं विकसित की जाएं। उन्होंने जल संकट से निपटने के लिए रिक्त शासकीय भूमि का सर्वे कर नए जलागार निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर जोर
बैठक में आयुक्त ने जिला मलेरिया विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर डेंगू, मलेरिया सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वार्डों में एंटी लार्वा फॉगिंग, नालों-नालियों की गहन सफाई और वर्षा पूर्व जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
सभी पानी टैंकरों में अनिवार्य होगा GPS
आयुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी पानी के टैंकरों में अनिवार्य रूप से GPS लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डों में खराब और अनुपयोगी हैंडपंपों का सर्वे कर उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर निगरानी
उन्होंने जोन कमिश्नरों और कार्यपालन अभियंताओं को निर्देशित किया कि शहर में चल रहे सभी विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए।
आयुष्मान और वय वंदन कार्ड अभियान को प्राथमिकता
कलेक्टर के निर्देशानुसार आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर 25 मई 2026 तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत डोर-टू-डोर सर्वे कर कार्ड बनाने का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
राजस्व वसूली और जनगणना कार्यों की समीक्षा
बैठक में जनगणना 2027 की तैयारियों और हाउस लिस्टिंग अभियान की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संपत्तिकर अभिलेखों को अद्यतन करने, नई संपत्तियों को कर दायरे में लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, स्वास्थ्य अधिकारी सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




