Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

दुर्ग अफीम खेती मामला: सीएम साय बोले– दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

रायपुर। दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्महाउस में अफीम की खेती का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान इस मामले में कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनने के बाद से ही हर प्रकार के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है। यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

बता दें कि पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में फैली अफीम की खेती से 14 लाख 30 हजार पौधों को जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कीमत 7.88 करोड़ रुपए है। मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष, 58), विकास विश्नोई (27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि फार्महाउस में राजस्थान के मजदूर काम कर रहे थे और सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात किए गए थे।

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग की। विधानसभा बजट सत्र के शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि राजधानी से मात्र 50 किलोमीटर दूर विनायक ताम्रकार अपनी निजी भूमि पर अफीम की खेती कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे छत्तीसगढ़ को नशे से बर्बाद करने की यह कोशिश सामूहिक संरक्षण में की जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि एफआईआर में मुख्य आरोपी का नाम पीछे रखा गया, जिससे लीपापोती का आरोप लगता है। उन्होंने बताया कि यह घटना होली से ठीक पहले सामने आई और यह स्पष्ट करती है कि सिर्फ नशे का व्यापार नहीं, बल्कि खेती भी अब हो रही है।

मामले की जांच एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button