आसमान में काले बादल छाने के बाद भी बारिश नहीं, रायपुर में गर्मी से लोग हुए परेशान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो दिनों की अच्छी बारिश के बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश थमने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में व्यापक बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र बनने का इंतजार है। हालांकि अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग ने बताया कि मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है, जिसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 9.5 किलोमीटर तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। वहीं मानसून द्रोणिका गंगानगर, रोहतक, मध्य उत्तर प्रदेश, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए मिजोरम तक फैली हुई है।
रायपुर का मौसम
शनिवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक से घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे की प्रमुख बारिश
बीते 24 घंटों में रघुनाथनगर, कुसमी और बड़ेबचेली में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कापू, दर्री, लैलूंगा, शंकरगढ़, कोरबा, बैकुंठपुर, प्रेमनगर और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं करतला, छिंदगढ़, बीजापुर, अर्जुन्दा, बिलाईगढ़, अकलतरा, बिलासपुर, मैनपाट, दुर्गकोंदल सहित कई क्षेत्रों में 2-2 सेंटीमीटर तथा प्रदेश के अनेक अन्य इलाकों में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले दो दिन का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।




