Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

यादव (ठेठवार) समाज महासभा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, मंत्री गजेन्द्र यादव रहे मौजूद

राजिम। यादव (ठेठवार) समाज महासभा, राजिम का शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 25 अक्टूबर को गरियाबंद जिले के राजिम स्थित प्रांतीय मुख्यालय में उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने की। इस दौरान चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, राजिम विधायक रोहित साहू और नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव सहित समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पारंपरिक अहीर नृत्य की प्रस्तुति से अतिथियों का स्वागत किया गया। वहीं, नन्हीं बालिकाओं ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों का अभिनंदन किया। छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप अतिथियों को खुरमी और कुलेथा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन में 700 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की झलक देखने को मिली।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिलाई पदाधिकारियों को शपथ

समारोह में नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष यदु, महासचिव समेलिया यादव और कोषाध्यक्ष रमन यादव को कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने शपथ दिलाई। वहीं, प्रांतीय कार्यकारिणी, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ और प्रबंध कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों को प्रांताध्यक्ष संतोष यदु ने शपथ दिलाई। सभी ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

मुख्य प्रांतीय कार्यकारिणी में संतोष यदु प्रांताध्यक्ष, समेलिया यादव महासचिव और रमन यादव कोषाध्यक्ष हैं। युवा प्रकोष्ठ में उग्रसेन यदु प्रांताध्यक्ष, बीपी यदु महासचिव और महितोष यादव कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। महिला प्रकोष्ठ में पुष्पा भुवनेश्वर यादव प्रांताध्यक्ष, किरण बलेंद्र यदु महासचिव और सुनीति संतु यादव कोषाध्यक्ष हैं। इसके अलावा महासभा के कार्यों के सुचारु संचालन और संगठन को मजबूत बनाने के लिए 100 से अधिक सदस्यों वाली प्रबंध कार्यकारिणी का गठन किया गया है।

पूर्व पदाधिकारियों का सम्मान, पेश की एक साल की कार्ययोजना

कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पूर्व पदाधिकारियों को फूलमाला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। वहीं, पूर्व प्रांताध्यक्ष गुलेंद्र यादव ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान पुराने और नए पदाधिकारियों के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द का भाव नजर आया।

नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष यदु ने समाज के विकास, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता को लेकर आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प भी जताया।

सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन

समारोह में यादव (ठेठवार) समाज महासभा की ओर से तैयार ठेठवार सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य समाज की जनसंख्या, परिवारों की संख्या और अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक जानकारियों को व्यवस्थित रूप से संकलित करना है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य में सामाजिक विकास, कल्याणकारी गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक हो सकते हैं।

प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने कहा कि सामाजिक एकजुटता, आपसी सहयोग और संगठित प्रयासों से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन गजानन यादव गुरुजी और कन्हैया यादव गुरुजी ने किया। समारोह में समाजजनों के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। अंत में महासचिव समेलिया यादव ने अतिथियों, समाजजनों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button