Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का रायपुर श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति द्वारा हुआ भव्य स्वागत

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आगमन हुआ। इस पावन अवसर पर रायपुर स्थित श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में मंदिर सेवा समिति की ओर से उनका अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत, वंदन और अभिनंदन किया गया। समिति के संस्थापक कुबेर राठी के सुपुत्र अंकित राठी, सचिव महेंद्र सिंघानिया, संयोजक श्रीनिवास राव सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पारंपरिक उत्साह, पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।

मंदिर परिसर पहुंचने के पश्चात अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने सर्वप्रथम संकट मोचन भगवान बजरंगबली के दरबार में माथा टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने भव्य महाआरती में सम्मिलित होकर प्रदेश व देशवासियों की खुशहाली, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और जयकारों से गूंज उठा।

महाआरती के पश्चात डॉ. तोगड़िया ने श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित विशाल महाभंडारे में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने सेवा भाव का परिचय देते हुए स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को महाप्रसाद (भंडारा) का वितरण किया और मानव सेवा का संदेश दिया।

भंडारा वितरण के बाद मंच पर आसीन होकर श्रद्धालुओं व उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि हम सभी हिंदू हैं और हमें अपने हिंदू होने पर अत्यंत गर्व है। उन्होंने अपने उद्बोधन में संगठन के राष्ट्रव्यापी सेवा और जागरण अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के प्रत्येक गांव और शहर की हर गली में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शनिवार की रात को सामूहिक हनुमान चालीसा का अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आज देशभर में हजारों हनुमान चालीसा केंद्र संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इन हनुमान चालीसा केंद्रों के माध्यम से केवल आध्यात्मिक जागरण ही नहीं, बल्कि गरीबों को अन्न उपलब्ध कराने और पूरे देश में कहीं भी किसी को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए ‘हिंदू हेल्पलाइन’ (020-6680-3300) चौबीसों घंटे सक्रिय है, जिसके माध्यम से जरूरतमंदों को अनेक प्रकार की वैद्यकीय (चिकित्सा) मदद भी प्रदान की जाती है। डॉ. तोगड़िया ने विस्तार से बताया कि संगठन ने हनुमान चालीसा केंद्रों को ‘हिंदू हेल्प केंद्र’, ‘हिंदू आरोग्य केंद्र’ और ‘हिंदू कल्याण केंद्र’ के रूप में विकसित किया है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंच सके।

मंदिर परिसर में नियमित रूप से चल रहे भंडारे की प्रशंसा करते हुए अध्यक्ष डॉ प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि यहां हनुमान जी के मंदिर में लोगों को अन्नदान कराने का जो महान पुण्य कार्य कुबेर राठी द्वारा किया जा रहा है, वह अत्यंत अनुकरणीय और सराहनीय है। ऐसा शुभ कार्य करने वालों पर सदैव भगवान बजरंगबली का आशीर्वाद बना रहता है। उन्होंने सभी से अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा तथा सेवा कार्यों में निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान करते हुए ॐ का उच्चारण के साथ ‘जय सिया राम’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ अपना संबोधन संपन्न किया।

प्रदेश मंत्री का दायित्व मिलने के पश्चात मंच से संबोधित करते हुए कंचन पाठक शुक्ला ने डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें रायपुर और हिंदुत्व के लिए कार्य करने का जो महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया गया है, वे पूरी निष्ठा के साथ अपने धर्म को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। विशेष रूप से हिंदू बालिकाओं व युवतियों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सभी प्रतिदिन नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करें, क्योंकि हनुमान चालीसा के पाठ से जीवन की अनेक विपदाएं दूर होती हैं। उन्होंने ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ सभी से इस अभियान से जुड़ने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर संस्थापक कुबेर राठी,सुपुत्र अंकित राठी, राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर,सचिव महेंद्र सिंघानिया,मंदिर संयोजक श्रीनिवास राव,प्रदेश संगठन मंत्री राहुल वडी़वा,प्रदेश मंत्री मनोज साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष देवा साहू, अखिल भारतीय अग्रहरि समाज के राज्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष जानकी प्रसाद गुप्ता,अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद प्रदेश मंत्री कंचन पाठक शुक्ला , समाजसेवी आशिफ मेमन,राकेश नायर,अरुण नायडू,शहनाज अली,नजमा खान,कल्याणी बघेल, किरण मार्कंडेय,आभा मुदलियार,गुलाब जंघेल,राजेश साहू,जुगनू बनर्जी, विवेक जोशी,मनीष चंद्र गुप्ता, पिंकू छाबड़ा,धर्मेंद्र बघेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button