विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण का किया श्रवण,बोले-राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित सर्वोपरि

बसना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आज 132वां संस्करण प्रसारित हुआ। बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने विधानसभा कार्यालय में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रूप से इस कार्यक्रम का श्रवण किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत विधायक डॉ. अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए आज की प्रमुख बातों को राष्ट्रहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक ऊर्जा संकट पर व्यक्त की गई चिंता का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया (खाड़ी देशों) में चल रहे संघर्षों के कारण पूरी दुनिया में पेट्रोल और डीजल का संकट गहरा रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में प्रधानमंत्री की अफवाहों से बचने और देशवासियों को एकजुट रहने की अपील नागरिकों में धैर्य और विश्वास पैदा करती है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि खाड़ी देशों में रह रहे 1 करोड़ से अधिक भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा वहां की सरकारों का आभार व्यक्त करना उनकी कुशल अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और हर भारतीय नागरिक के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रधानमंत्री के संबोधन के हवाले से विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचार हर नागरिक में राष्ट्र प्रथम की भावना और अपने देश के प्रति अटूट जिम्मेदारी व समर्पण का भाव जगाते हैं। उन्होंने युवाओं के आह्वान पर जोर देते हुए कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जैसे अभियानों के माध्यम से देश की युवा शक्ति को नवाचार और आधुनिक तकनीक से जोड़ना ही वास्तव में भविष्य के सशक्त और समृद्ध भारत की असली नींव है। डॉ. अग्रवाल ने इसे एकजुटता का संदेश बताते हुए स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का यह संवाद हमें दलगत राजनीति की सीमाओं से ऊपर उठकर केवल राष्ट्रहित और समाज कल्याण के बड़े लक्ष्यों के लिए समर्पित होकर कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देता है।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा तटीय समुदायों और स्थानीय नवाचारों (जैसे बेंगलुरु के प्रायोग संस्थान) का जिक्र करना यह दर्शाता है कि उनकी दृष्टि समाज के हर वर्ग तक पहुँचती है। बसना विधानसभा में भी हम प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल,नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल,नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता,पार्षद आशीष साहू, पार्षद राकेश डड़सेना, पार्षद राधेश्याम नायक,महासमुंद जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा,पार्षद महेंद्र सिंह अरोरा “पिंटू”, कोषाध्यक्ष भाजपा मंडल बसना अमृत चौधरी,युवा मोर्चा अध्यक्ष बसना आकाश सिन्हा,निज सचिव नरेंद्र बोरे,पूर्णानंद मिश्रा,विजय पटेल,गोपेश डड़सेना, अरुण साहू, विकास वाधवा, सहित क्षेत्र के प्रमुख भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।




