Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

जोंक नदी हादसा: NDRF के रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने सांकरा पहुंचे विधायक डॉ. संपत अग्रवाल,पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस

बसना/पिथौरा। जोंक नदी में घटे दर्दनाक हादसे के बाद लापता हुए बाइक सवार भागीरथी साहू की खोजबीन के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एन.डी.आर.एफ. (NDRF) की रेस्क्यू टीम द्वारा नदी के बहाव और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इस संवेदनशील स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आज सुबह सांकरा स्थित दुर्घटना स्थल पर स्वयं पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

दुर्घटना स्थल पर मौजूद रहकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने NDRF की रेस्क्यू टीम और राहत कार्य में जुटे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से वर्तमान ऑपरेशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रेस्क्यू टीम को पूरी तत्परता, आधुनिक संसाधनों और गति के साथ खोज अभियान चलाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और संभावित क्षेत्रों में गहराई से तलाश की जाए।

रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण करने के उपरांत विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने लापता भागीरथी साहू के परिजनों से मुलाकात की। इस कठिन समय में उन्होंने परिवारजनों को ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

विधायक जी ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दुख की इस अत्यंत विकट परिस्थिति में हम और पूरा शासन-प्रशासन पूर्ण रूप से आपके साथ खड़ा है। लापता भागीरथी की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और पीड़ित परिवार को हर प्रकार की आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ईश्वर से करबद्ध प्रार्थना करते हुए कहा कि भागीरथी साहू जल्द से जल्द सकुशल और सुरक्षित प्राप्त हों। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति एकजुटता और प्रार्थना करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button