Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

बसना में गौरा-गौरी महोत्सव की धूम: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने निभाई सोंटा प्रहार की पावन परंपरा, क्षेत्र की खुशहाली की कामना

बसना। छत्तीसगढ़ की पावन धरा अपनी अद्वितीय लोक-संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और पौराणिक मान्यताओं के लिए समूचे राष्ट्र में विख्यात है। दीपावली के पावन अवसर पर समूचे प्रदेश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाने वाला पारंपरिक महापर्व ‘गौरा-गौरी महोत्सव’ बसना अंचल में भी अत्यंत भक्तिभाव व भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इसी क्रम में नगर पंचायत बसना के वार्ड क्रमांक 10 में आयोजित भव्य गौरा-गौरी कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं, पूजा समिति के सदस्यों एवं मातृशक्ति द्वारा विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का पारंपरिक रीति-रिवाजों और आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। तत्पश्चात विधायक डॉ. अग्रवाल ने भगवान शिव (गौरा) और माता पार्वती (गौरी) के दिव्य विग्रहों की विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया तथा समूचे बसना विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।

समारोह के दौरान जब पारंपरिक अनुष्ठानों का दौर प्रारंभ हुआ, तब विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी सनातन परंपरा और माटी की संस्कृति के प्रति अगाध निष्ठा व्यक्त करते हुए प्रसिद्ध ‘सोंटा’ (कुश अथवा रस्सी से बना चाबुक) प्रहार की परंपरा को निभाया। उन्होंने पूर्ण श्रद्धाभाव से अपने हाथों से सोंटा उठाया और पारंपरिक विधि-विधान के अनुरूप उसे चलाया तथा लोक-मान्यताओं का सम्मान करते हुए इस पौराणिक परंपरा को आगे बढ़ाया।

सोंटा परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की इस पावन सोंटा परंपरा का पौराणिक और आध्यात्मिक मर्म अत्यंत गूढ़ है। यह कोई साधारण दैहिक प्रहार नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर छिपे काम, क्रोध, मोह, अहंकार और तामसिक विकारों पर किया जाने वाला प्रतीकात्मक प्रहार है। धार्मिक मान्यता है कि गौरा-गौरी के पूजनोपरांत बैगा या पुजारी द्वारा सोंटा का प्रहार भगवान शिव के रुद्र रूप की वह कृपा है, जो मानव जीवन से भूत-बाधा, अनिष्ट ग्रहों के कुप्रभाव, दैहिक-दैविक-भौतिक तापों और सभी व्याधियों का शमन करती है। जब एक साधक या भक्त श्रद्धापूर्वक इसे अंगीकार करता है, तो यह कष्ट नहीं बल्कि नवऊर्जा, आयु वृद्धि और आरोग्य रूपी दिव्य प्रसाद बन जाता है। हमारी छत्तीसगढ़िया परंपराएं हमें सिखाती हैं कि तप और संयम के माध्यम से ही जीवन की शुद्धि और मंगल की प्राप्ति संभव है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी अपनी पौराणिक जड़ों, लोक-कलाओं और सनातन मान्यताओं को जीवंत रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। गौरा-गौरी पर्व समाज को सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और एकात्मता के सूत्र में बांधता है।

समारोह के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों मांदर, झांझ और नगाड़ों की गूंज तथा गौरा-गौरी गीतों के भक्तिमय सुरों से संपूर्ण वातावरण शिवमय हो उठा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमुदाय में प्रसाद वितरण किया गया। इस पावन अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ गणमान्य नागरिक, पूजा समिति के पदाधिकारी, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में माताएं-बहनें व श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button