Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

स्वामी आत्मानंद विद्यालय भूकेल में निशुल्क सरस्वती सायकल वितरण समारोह संपन्न, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं को सौंपी सायकल

बसना/भूकेल। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, ग्राम पंचायत भूकेल (विकासखंड बसना) में निशुल्क सरस्वती सायकल वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन ही मनुष्य के संपूर्ण भविष्य की नींव तय करता है। छात्रों को अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास को अपना मूल मंत्र बनाना चाहिए। शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिसके बल पर युवा अपने सपनों को साकार कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि प्रदेश की साय सरकार द्वारा विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के लिए निरंतर जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। राज्य सरकार की मंशा है कि दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आने वाली छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। साय सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

छात्राओं को सायकल वितरित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि यह सायकल केवल एक साधन नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा और उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम है। अक्सर देखा जाता है कि दूरी और आवागमन के साधनों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को स्कूल आने-जाने में कठिनाई होती है। इस योजना के माध्यम से अब हमारी बेटियां बिना किसी रुकावट के समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी और निर्भीक होकर अपनी पढ़ाई पूरी करेंगी।

कार्यक्रम के मुख्य चरण में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के कर-कमलों से बालिकाओं को निशुल्क सायकल का वितरण किया गया। नया सायकल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विधायक डॉ संपत अग्रवाल भी बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर खुश हुए ।

इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बसना मोहित पटेल,जनपद सभापति एवं मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा दीपा अरुण साहू,ग्राम पंचायत भूकेल सरपंच कांता सिदार, रिखीराम पटेल,शक्ति केंद्र प्रभारी सुरेश बारिक,वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सरपंच सी. डी.बघेल, पंच प्रतिनिधि गंगाराम नंद,अरुण साहू, पंच लक्ष्मी सिदार, अध्यक्ष SMDC सागर चंद कश्यप,पूर्व अध्यक्ष SMDC रियाज मोहम्मद,मोहित राम कश्यप,प्राचार्य सेजेस भूकेल सी. एस.पटेल,प्रधानपाठक मिडिल स्कूल नेहरू लाल पटेल,निज सचिव नरेंद्र बोरे, चमरा स्वर्णकार ,स्थानीय जनप्रतिनिधि, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button