Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

धान खरीदी में करोड़ों का फर्जीवाड़ा : अपेक्स बैंक की रिपोर्ट पर 6 के खिलाफ FIR, फड़ प्रभारी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के धान खरीदी केंद्र कोनपारा में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान 6 करोड़ 55 लाख से अधिक की बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित कुल 6 अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने धान खरीदी उपकेंद्र के फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39 वर्ष) निवासी ग्राम झारमुंडा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले के अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61 वर्ष) की रिपोर्ट के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा के धान खरीदी उपकेंद्र में वर्ष 2024-25 के दौरान कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शायी गई थी, जबकि मिलों एवं संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। संयुक्त जांच दल ने भौतिक सत्यापन में पाया कि मौके पर धान उपलब्ध नहीं था और रिकॉर्ड के अनुरूप भारी कमी की पुष्टि हुई।

शासन को 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए का नुकसान

जांच में प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये आंकी गई। इसके अतिरिक्त धान पैकिंग में उपयोग किए गए 4,898 नग बारदाने (नए व पुराने) की कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये बताई गई। कुल मिलाकर शासन को 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होना पाया गया। पुलिस ने इस मामले में भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी), जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर),
अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी), चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी : एसएसपी

विवेचना के दौरान फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव की गिरफ्तारी की गई, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस टीम उनकी पतासाजी में जुटी हुई है। SSP शशिमोहन सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में करोड़ों रुपये की अनियमितता के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में पुलिस की जांच निरंतर जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button